Shibu Soren Death: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन को श्रद्धांजलि देते हुए सोमवार (4 अगस्त) को कहा कि वह जनजातीय समुदायों, गरीबों और वंचितों को सशक्त बनाने को लेकर विशेष रूप से प्रतिबद्ध थे। प्रधानमंत्री मोदी, शिबू सोरेन को श्रद्धांजलि देने के लिए दिल्ली के सर गंगा राम अस्पताल भी गए। पीएम मोदी ने शिबू सोरेन के बेटे और झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से बात कर अपनी संवेदना व्यक्त की। झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) के संस्थापक शिबू सोरेन का सोमवार को निधन हो गया। वह 81 वर्ष के थे।
पीएम मोदी ने सोरेन परिवार से मुलाकात के बाद सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा, "झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन जी को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। दुख की इस घड़ी में उनके परिजनों से मिलकर अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं। उनका पूरा जीवन जनजातीय समाज के कल्याण के लिए समर्पित रहा, जिसके लिए वे सदैव याद किए जाएंगे।"
उन्होंने एक अन्य पोस्ट में लिखा, "शिबू सोरेन जी एक जमीनी नेता थे जो लोगों के प्रति अटूट समर्पण के कारण जननेता बने। वे जनजातीय समुदायों, गरीबों और वंचितों को सशक्त बनाने के लिए विशेष रूप से समर्पित थे।’" PM मोदी ने कहा, "उनके निधन से बहुत दुःख हुआ। मेरी संवेदनाएं उनके परिवार और प्रशंसकों के साथ हैं। झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन जी से बात की और संवेदना व्यक्त की। ओम शांति।"
शिबू सोरेन के निधन के साथ ही राजनीति के एक युग का अंत हो गया। झारखंड विधानसभा को अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दिया गया। जबकि राज्य सरकार ने पूर्व मुख्यमंत्री के निधन के बाद तीन दिन का राजकीय शोक घोषित किया। झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन गुर्दे संबंधी समस्याओं के कारण एक महीने से ज्यादा समय से दिल्ली के सर गंगा राम अस्पताल में इलाज करा रहे थे।
उनके बेटे और झारखंड के सीएम हेमंत सोरेन ने X पर लिखा, "आदरणीय दिशोम गुरुजी हम सबको छोड़कर चले गए... मैं आज 'शून्य' हो गया हूं।" राज्य के स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी ने बताया कि शिबू सोरेन का पार्थिव शरीर शाम करीब चार बजे रांची लाया जाएगा, जिसके बाद उसे मोराबादी स्थित उनके आवास पर ले जाया जाएगा।
डॉ. भल्ला ने बताया कि शिबू सोरेन को सोमवार सुबह 8 बजकर 56 मिनट पर मृत घोषित कर दिया गया। शिबू सोरेन पिछले 38 वर्षों से झारखंड मुक्ति मोर्चा के नेता थे और पार्टी के संस्थापक संरक्षक भी थे। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने शिबू सोरेन के निधन पर शोक व्यक्त किया और कहा कि उनका निधन सामाजिक न्याय के क्षेत्र में एक बड़ी क्षति है।
झारखंड सरकार ने पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन के सम्मान में तीन दिवसीय राजकीय शोक की घोषणा की है। एक आधिकारिक बयान के अनुसार, सरकार ने इस अवधि के दौरान अपने सभी निर्धारित कार्यक्रम भी रद्द कर दिए हैं। राज्य सरकार के सभी कार्यालय चार और पांच अगस्त को बंद रहेंगे।