Shiv Sena UBT MPs Rebellion: शिवसेना सांसदों को 15-15 करोड़ रुपये मिल चुके हैं? संजय राउत के दावे से सनसनी

Shiv Sena UBT MPs Rebellion: सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर देर रात किए गए एक पोस्ट में संजय राउत ने कहा, "अपना सपना मनी...मनी! खबर है कि महाराष्ट्र के सांसदों को खरीदने के लिए आज रात 15 करोड़ रुपये की एडवांस राशि दी जाएगी। यह चौंकाने वाला और शर्मनाक है!" इससे पहले लोकसभा सदस्य अनिल देसाई ने इस बात को खारिज कर दिया था कि कुछ सांसद अलग गुट बना सकते हैं

अपडेटेड Jun 17, 2026 पर 11:24 AM
Shiv Sena UBT MPs Rebellion: संजय राउत ने शिवसेना सांसदों को 15 करोड़ रुपये मिलने का दावा किया है

Shiv Sena UBT MPs Rebellion: शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) के सीनियर नेता संजय राउत ने मंगलवार (16 जून) देर रात दावा किया कि महाराष्ट्र के सांसदों को खरीदने के लिए 15 करोड़ रुपये एडवांस दी जा रही है। उनके इस बयान से पार्टी के कुछ लोकसभा सदस्यों के पाला बदलने की अटकलों को और बल मिला है।

इससे पहले, उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली शिवसेना (UBT) के सांसदों के संभावित विद्रोह (संभवतः तृणमूल कांग्रेस की तर्ज पर) की अटकलें तब और तेज हो गईं, जब सत्तारूढ़ शिवसेना के नेता प्रताप सरनाइक ने संकेत दिया कि बागी सांसदों का स्वागत किया जाएगा। साथ ही कहा कि पाला बदलने पर उन्हें प्राथमिकता दी जाएगी।

इस बीच चर्चाएं तब शुरू हुईं जब राउत दिल्ली पहुंचे। शिवसेना (UBT) नेता को उद्धव ठाकरे का करीबी माना जाता है। इससे यह अटकलें लगाई जाने लगीं कि वह पार्टी के नौ सांसदों द्वारा अलग समूह बनाने की किसी संभावित कोशिश को रोकने के लिए लोकसभा स्पीकर ओम बिरला से मुलाकात कर सकते हैं।


संजय राउत का सनसनीखेज दावा

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर देर रात किए गए एक पोस्ट में संजय राउत ने कहा, "अपना सपना मनी...मनी! खबर है कि महाराष्ट्र के सांसदों को खरीदने के लिए आज रात 15 करोड़ रुपये की एडवांस राशि दी जाएगी। यह चौंकाने वाला और शर्मनाक है!" इससे पहले राउत और उनकी पार्टी शिवसेना (UBT) के सहयोगी और लोकसभा सदस्य अनिल देसाई ने इस बात को खारिज कर दिया था कि कुछ सांसद अलग गुट बना सकते हैं।

सांसदों के बीच बगावत की चर्चाओं के बीच शिवसेना नेता और राज्य के परिवहन मंत्री सरनाइक ने इशारों-इशारों में बागी सांसदों को एक तरह का न्योता दिया। उन्होंने कहा, "अगर सांसद और विधायक जैसे जन-प्रतिनिधियों को अपने नेतृत्व पर भरोसा नहीं है... अगर वे शिवसेना के संस्थापक बाल ठाकरे के आदर्शों में विश्वास करते हैं और एकनाथ शिंदे के नेतृत्व पर भरोसा करने को तैयार हैं, तो शिवसेना के दरवाजे उनके लिए खुले हैं।"

उन्होंने कहा, "अगर वे भविष्य में कभी ऐसा सोचते हैं, तो हम उन्हें प्राथमिकता देंगे।" उनकी यह टिप्पणी शिवसेना (UBT) सांसद संजय देशमुख की दिल्ली में केंद्रीय मंत्री और शिवसेना नेता प्रतापराव जाधव से मुलाकात के एक दिन बाद आई।

यवतमाल-वाशिम से सांसद के रविवार को मुंबई में उद्धव ठाकरे के आवास पर बुलाई गई बैठक में पारिवारिक कारणों का हवाला देकर शामिल नहीं होने पर लोगों को हैरानी हुई। हालांकि, सोमवार को उन्होंने प्रतापराव जाधव से मुलाकात की जिससे उनके पाला बदलने की अटकलें तेज हो गईं।

शिवसेना UBT में फूट की अटकलों के बीच पार्टी सांसद संजय राउत ने कहा, "अगर कोई जाना चाहता है, तो वो इस्तीफा देकर जा सकता है। अगर हमारे सांसदों के बारे में ऐसी खबरें आती हैं, तो उन्हें उनका खंडन करना चाहिए। इस बार महाराष्ट्र के लोग चुप नहीं रहेंगे।"

राउत ने आगे कहा, "मेरे पास जानकारी है कि हर सांसद को 15-15 करोड़ रुपये दिए गए, जिसके बाद वे नांदेड़ और पुणे समेत तीन जगहों से चार्टर फ्लाइट में सवार हुए। हमने कल होने वाली संसदीय दल की बैठक के लिए व्हिप जारी किया है। अरविंद जी (अरविंद सावंत) ने लोकसभा स्पीकर को पत्र लिखा है।"

कई सांसदों ने पाला बदलने के दिए संकेत

शिवसेना (UBT) के नौ में से केवल चार सांसदों के बैठक में व्यक्तिगत रूप से शामिल होने के बाद पाला बदलने की संभावनाओं को और बल मिला। राउत ने दावा किया था कि पांच अन्य सांसद डिजिटल माध्यम से और फोन पर बैठक में शामिल हुए थे। मंगलवार को राउत ने कहा कि गलत तस्वीर पेश की जा रही है। उन्होंने जोर देकर कहा कि सभी सांसद मजबूती से पार्टी और उद्धव ठाकरे के साथ हैं।

सांसद अरविंद सावंत, अनिल देसाई, राजाभाऊ वाजे और संजय पाटिल ने जहां बैठक में व्यक्तिगत रूप से हिस्सा लिया, वहीं ओमप्रकाश राजे निंबालकर, भाऊसाहेब वाकचौरे, नागेश बापूराव पाटिल अष्टिकर और संजय देशमुख ऑनलाइन शामिल हुए। राउत ने बताया कि एक और सांसद, संजय जाधव ने ठाकरे से फोन पर बात की।

उन्होंने कहा कि सांसदों ने अपनी मां, बच्चों, साईं बाबा और देवी तुलजाभवानी की शपथ खाकर कहा कि वे पार्टी प्रमुख उद्धव ठाकरे का साथ नहीं छोड़ेंगे। राज्यसभा सदस्य ने नई दिल्ली में संसद भवन परिसर में पत्रकारों से कहा, "शिवसेना (UBT) के सभी सांसद एकजुट हैं और एकजुट रहेंगे।"

शिवसेना (UBT) के लिए किसी भी खतरे की बात को खारिज करते हुए राउत ने किसी भी संकट से निपटने की पार्टी की क्षमता पर भी भरोसा जताया। जब उनसे पूछा गया कि क्या वह इस चर्चा के बीच लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला से मिलने के लिए दिल्ली आए हैं कि शिवसेना (UBT) के कुछ सांसद तृणमूल कांग्रेस के नेताओं की तरह अलग समूह बना सकते हैं, तो राउत ने ऐसी किसी भी संभावना से इनकार किया।

एकनाथ शिंदे के साथ जा सकते हैं 7 सांसद

सूत्रों के अनुसार, शिवसेना (UBT) के नौ लोकसभा सांसदों में से छह से सात सांसद सत्तारूढ़ शिवसेना में शामिल होने के इच्छुक हैं। फिलहाल राष्ट्रीय राजधानी में डेरा डाले हुए हैं। सूत्रों का यह भी कहना है कि महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री और शिवसेना प्रमुख एकनाथ शिंदे भी मंगलवार देर रात दिल्ली पहुंचने वाले थे।

शिंदे गुट के एक नेता ने दावा किया कि छह से सात सांसद पाला बदल सकते हैं। नेता ने यह भी दावा किया कि जिन सांसदों के पाला बदलने की चर्चा है, वे पार्टी में आदित्य ठाकरे को और अधिक महत्व दिए जाने की संभावना से असहज हैं।

ये भी पढ़ें- शिवसेना UBT में एक और टूट तय! दिल्ली पहुंचे उद्धव सेना के 6 सांसद, लोकसभा स्पीकर से मिलकर नया गुट बनाने का करेंगे दावा

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।