'BJP के 2-3 % वोट और कटेंगे', अखिलेश ने तो ओवैसी और चंद्रशखेर के गठबंधन सामाजिक परिवर्तन मोर्चा का स्वागत कर दिया

अखिलेश ने अपने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर कहा कि, ‘सामाजिक परिवर्तन मोर्चा’ का हम स्वागत करते हैं। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर किए पोस्ट में अखिलेश यादव ने कहा, समाज के स्तर पर परिवर्तन होना ही चाहिए लेकिन सच में सफलता तब ही मिलेगी जब ‘राजनीतिक परिवर्तन मोर्चा’ एक्टिव होगा

अपडेटेड Nov 12, 2026 पर 7:41 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
उत्तर प्रदेश में हुए इस सियासी गठबंधन पर समाजवादी प्रमुख अखिलेश यादव ने अपना रिएक्शन दिया

उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव से पहले सूबे में एक नए सियासी गठबंधन का ऐलान हो गया है। यूपी में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) और चंद्रशेखर आजाद की आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) ने मिलकर 'सामाजिक परिवर्तन मोर्चा' बनाया है। गुरुवार को लखनऊ में दोनों नेताओं की मौजूदगी में इस गठबंधन की घोषणा की गई। वहीं उत्तर प्रदेश में हुए इस सियासी गठबंधन पर समाजवादी प्रमुख अखिलेश यादव ने अपना रिएक्शन दिया है।

अखिलेश ने किया पोस्ट

अखिलेश ने अपने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर कहा कि, ‘सामाजिक परिवर्तन मोर्चा’ का हम स्वागत करते हैं। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर किए पोस्ट में अखिलेश यादव ने कहा, "समाज के स्तर पर परिवर्तन होना ही चाहिए लेकिन सच में सफलता तब ही मिलेगी जब ‘राजनीतिक परिवर्तन मोर्चा’ एक्टिव होगा। पीडीए समाज के भले के लिए जो भी साम्प्रदायिक ताकतों से सच में लड़ेगा और पीडीए समाज की आवाज उठाएगा, उसकी ईमानदार आवाज अवाम तक पहुंचाने में हम सहयोग करेंगे।"


2-3% वोटों की होगी कटौती

उन्होंने आगे कहा, "इसका एक फायदा विपक्ष को ये मिलेगा कि भावनात्मक जुमलों और छलावे में आकर जो लोग साम्प्रदायिक शक्तियों को वोट दे देते थे, वो अब उनकी तरफ नहीं जाएंगे। बहकावे में आकर वोट देने वाले ऐसे भोले-भाले लोगों के लिए अब एक और विकल्प खुला होगा। इससे भाजपा को 2-3% वोट कट जाएंगे। भाजपा तो कहीं की नहीं रहेगी।"

 

खत्म होगी वोटों की ठेकेदारी प्रथा

सपा प्रमुख ने अपने पोस्ट में आगे लिखा है, 'केवल बातों और बयानों से सरगर्मी पैदा करना जिनका मकसद होता है, जनता उनका सच समझती है। सच तो ये है कि ऐसे मोर्चों से लोकतंत्र और भी मजबूत होता है, बशर्तें उसके पीछे अपने समाज की भलाई की मंशा हो, किसी तीसरे का काला-मंसूबा नहीं। अगर कोई सियासत की कठपुतली बनकर रह जाता है तो जनता ज़मानत ज़ब्त भी करवा देती है। उम्मीद है सियासत में ‘वोटों की ठेकेदारी प्रथा’ खत्म होगी और हर कोई अपने समाज के सच्चे हित के लिए काम करेगा।' बहुत दिनों से अपेक्षित इस घटनाक्रम के घटित होने के बाद आज यह भी स्पष्ट हो गया है कि यूपी के विधानसभा चुनावों में जिसका आधारभूत वोट ज़्यादा होगा, सच में ‘परिवर्तन’ चाहनेवाली जनता उसीकी तरफ जाएगी और इस संदर्भ में ‘पीडीए’ से बड़ा अन्य कोई ऑप्शन है ही नहीं।

AIMIM-आजाद समाज पार्टी के बीच हुआ गठबंधन

बता दें कि, उत्तर प्रदेश में की सियासत में गुरुवार को AIMIM चीफ ओवैसी और आजाद समाज पार्टी के चंद्रशेखर के बीच गठबंधन का ऐलान हुआ। ओवैसी और चंद्रशेखर ने एक साथ प्रेस कॉन्फ्रेंस की और यूपी में तीसरे मोर्च का ऐलान किया। ओवैसी और चंद्रशेखर के गठबंधन को सामाजिक परिवर्तन मोर्चा नाम दिया गया है। फिलहाल ये गठबंधन उत्तर प्रदेश के सभी सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी कर रही है।

हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।