क्या अब अखिलेश यादव की पार्टी के सांसद टूटेंगे और उन्हें लीड करेंगे सनातन पांडे? बागी बलिया के MP ने राजभर के दावों पर दिया विस्फोटक जवाब

UP News: उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार में कैबिनेट मंत्री और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के चीफ ओम प्रकाश राजभर ने समाजवादी पार्टी में टूट होने का दावा किया है। राजभर यहीं नहीं रुके बल्कि एक पोस्ट में साफ लिखा कि इस टूट का नेतृत्व यूपी के बलिया से ब्राह्मण नेता करेंगे

अपडेटेड Jun 18, 2026 पर 11:59 AM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
UP News: ओम प्रकाश राजभर ने समाजवादी पार्टी में टूट होने का दावा किया है

UP News: पहले पश्चिम बंगाल में ममता बनर्जी के 20 के करीब सांसदों के बागी होने और फिर महाराष्ट्र में उद्धव की शिवसेना में बगावत की खबरों ने सियासत में हलचल मचा रखी है। इस बीच उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार में कैबिनेट मंत्री और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के चीफ ओम प्रकाश राजभर ने समाजवादी पार्टी में टूट होने का दावा किया है। राजभर यहीं नहीं रुके बल्कि एक पोस्ट में साफ लिखा कि इस टूट का नेतृत्व यूपी के बलिया से ब्राह्मण नेता करेंगे।

आपको बता दें कि बलिया से सपा के सांसद सनातन पांडे हैं जो अपने आक्रामक तेवरों की वजह से बाबा उपनाम से जाने जाते हैं। राजभर के इस दावे पर चर्चा हुआ तो सनातन पांडे ने अब इसका जवाब दिया है।

हमारे सहयोगी न्यूज 18 से बातचीत के दौरान सपा सांसद सनातन पांडेय ने अपनी निष्ठा साफ कर दी है। सनातन पांडेय ने कहा कि मैं जिंदगीभर समाजवादी पार्टी के साथ हूं और रहूंगा। इसके साथ ही उन्होंने सुभासपा अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर को खुला चैलेंज देते हुए कहा कि ओमप्रकाश राजभर के दावे अगर सही हुए तो मैं राजनीति से संन्यास ले लूंगा।


सनातन पांडेय के इस कड़े रुख ने साफ कर दिया है कि बलिया की जिस 'बागी भूमि' का हवाला देकर राजभर बगावत की स्क्रिप्ट लिख रहे थे, वहां के मुख्य किरदार ने अखिलेश यादव के साथ खड़े रहने का पक्का इरादा जता दिया है।

ओम प्रकाश राजभर का दावा- बागी बलिया का लाल करेगा नेतृत्व

इससे पहले ओम प्रकाश राजभर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक बेहद विस्फोटक पोस्ट किया। राजभर ने दावा किया कि समाजवादी पार्टी के नाराज सांसदों का एक गुट बहुत जल्द अलग होने जा रहा है और इसका नेतृत्व 'बागी बलिया' का एक नेता करेगा। राजभर ने अपनी पोस्ट में लिखा, 'कल से सब पूछ रहे हो कि सपा में क्या टूट होने वाली है? तो सुनो!

सपा के बागी सांसदों के गुट का नेतृत्व उत्तर प्रदेश की 'बागी भूमि' का एक लाल करेगा। और करे भी क्यों न? कल जिस तरह से सपा कार्यालय में सम्मेलन के नाम पर ब्राह्मणों को तिरस्कृत किया गया, उससे 'बागी बलिया' का लाल बहुत आहत है। योजना पहले से थी लेकिन कल कि घटना ने आग में घी डालने का काम कर दिया है। टूट होकर रहेगी।'

राजभर ने आगे लिखा, 'मेरी एक प्रतिक्रिया पर जिस तरह से पूरा सैफई खानदान मुझे गाली देने और सफाई देने में जुट गया उससे ज्यादा बेहतर है कि अखिलेश बाबू ट्विटर, ऐसी और पीसी वाली नेतागिरी छोड़कर अब सांसद बचाओ अभियान शुरू कर दें। और दुखी एवं निराश सांसदों के घर जाकर उनसे माफी मांगे।'

डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य का बड़ा दावा: सपा के 25-26 सांसद टूटने को तैयार

आपको बता दें कि राजभर के इस दावे को हवा तब और मिल गई जब उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने भी कानपुर में एक बड़ा बयान दे दिया। डिप्टी सीएम ने दावा किया कि समाजवादी पार्टी के दो-चार नहीं बल्कि 25-26 सांसद टूटने की कगार पर बैठे हैं। केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि समाजवादी पार्टी के 25-26 सांसद टूटने के लिए बिल्कुल तैयार हैं, लेकिन हम उन्हें नहीं तोड़ रहे हैं। हम जानते हैं कि वे खुद ही अपनी पार्टी से अलग हो जाएंगे। मौर्य ने अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि अब उनकी 'साइकिल' नहीं चल पाएगी और वे सत्ता के गलियारों तक कभी नहीं पहुंच पाएंगे।

अखिलेश यादव और सपा का पलटवार

सपा में टूट के इन दावों को अखिलेश यादव और समाजवादी पार्टी के दिग्गज नेताओं ने पूरी तरह खारिज कर दिया है। सपा का कहना है कि यह केवल 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले ध्यान भटकाने की राजनीति है। भाजपा सरकार अपनी नाकामियों को छिपाने के लिए विपक्षी दलों में दरार की अफवाहें फैला रही है। गौरतलब है कि यह सियासी घमासान ऐसे समय में शुरू हुआ है जब देश के अन्य राज्यों (जैसे शिवसेना-UBT और टीएमसी) में भी विपक्षी सांसदों के टूटने की अटकलें बाजार में गर्म हैं।

ये भी पढ़ें- Tamil Nadu Church: 'विजय के CM बनने के बाद तमिलनाडु के हर गांव में चर्च बनाने की मांग...'; मद्रास HC ने हिंदू मंदिर के पास चर्च बनाने पर लगाई रोक

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।