Sports Ministry Internships: युवा मामले और खेल मंत्रालय (MYAS) ने देश में खेल के प्रति युवाओं को आकर्षित करने और खेल प्रबंधन से उन्हें जोड़ने के लिए इंटर्नशिप योजना शुरू की है। सरकार इसके जरिए युवा प्रतिभाओं को खेल इकोसिस्टम से जोड़ कर देश को खेल महाशक्ति के रूप में खड़ा करना चाहती है। यह एक ऐसा मंच होगा जो बड़े पैमाने पर खेल से जुड़ी युवा प्रतिभाओं को निखारने में मदद करेगा। केंद्रीय युवा मामले और खेल मंत्री डॉ. मनसुख मंडाविया ने कहा कि यह पहल युवाओं को भारत की खेल यात्रा में सार्थक योगदान देने के लिए सशक्त बनाएगी। उन्होंने कहा, "भारत के खेल इकोसिस्टम के बदलाव के लिए कुशल पेशेवरों और युवा प्रतिभाओं द्वारा समर्थित मजबूत संस्थागत समर्थन की जरूरत है। इस इंटर्नशिप कार्यक्रम के जरिए, हम अपने युवाओं के लिए खेल प्रशासन और प्रबंधन के दरवाजे खोल रहे हैं, जिससे वे व्यावहारिक अनुभव हासिल कर सकें और खेलों के जरिए राष्ट्र निर्माण में लंबे समय तक प्रभाव डाल सकें।"
