देश में बुलेट ट्रेन का नेटवर्क बढ़ाने की तैयारी हो रही है। इसी कड़ी में एक नया नॉर्दर्न बुलेट ट्रेन कॉरिडोर बनाने का प्रस्ताव है। यह दिल्ली को उत्तर प्रदेश, बिहार, पश्चिम बंगाल और असम के कई बड़े शहरों से जोड़ेगा। इस रूट पर दिल्ली से आगरा पहुंचने में सिर्फ 59 मिनट लगेंगे। वहीं, दिल्ली से गुवाहाटी का सफर 8 घंटे से भी कम समय में पूरा करने की योजना है।
करीब 1,500 किलोमीटर लंबे इस कॉरिडोर को पहले सिलीगुड़ी तक बनाने की योजना थी, लेकिन बाद में इसे गुवाहाटी तक बढ़ाने का फैसला किया गया। इस रूट पर कुल 10 शहरों में स्टेशन बनाने का प्रस्ताव है। इनमें दिल्ली, आगरा, कानपुर, लखनऊ, अयोध्या, वाराणसी, प्रयागराज, पटना, सिलीगुड़ी और गुवाहाटी शामिल हैं। इससे इन शहरों के बीच आने-जाने में पैसेंजर का काफी समय बच सकता है।
दिल्ली से किन शहरों तक कितनी देर में पहुंचेंगे?
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बताया है कि इस रूट पर अलग-अलग शहरों तक पहुंचने में कितना समय लग सकता है। इसके मुताबिक:
• दिल्ली से आगरा: 59 मिनट
• दिल्ली से कानपुर: 1 घंटा 45 मिनट
• दिल्ली से लखनऊ: 2 घंटे 12 मिनट
• दिल्ली से वाराणसी: 3 घंटे 33 मिनट
• दिल्ली से सिलीगुड़ी: करीब 6 घंटे
• दिल्ली से गुवाहाटी: 8 घंटे से कम
दूसरे शहरों के बीच सफर में समय लगेगा
• वाराणसी से लखनऊ: 1 घंटा 21 मिनट
• वाराणसी से प्रयागराज: 33 मिनट
• वाराणसी से पटना: करीब 1 घंटा
• वाराणसी से आगरा: 2 घंटे 34 मिनट
बुलेट ट्रेन प्रोजेक्ट की आगे की ये है तैयारी
अभी इस कॉरिडोर के सभी स्टेशनों के बीच सफर में कितना समय लगेगा, इसकी जानकारी नहीं दी गई है। दिल्ली-अयोध्या, अयोध्या-वाराणसी, पटना-सिलीगुड़ी और सिलीगुड़ी-गुवाहाटी के बीच यात्रा का समय भी अभी तय नहीं हुआ है।
फिलहाल यह प्रोजेक्ट शुरुआती दौर में है। इसका पूरा प्लान, ट्रेन का फाइनल रूट, स्टेशनों की जगह और निर्माण कब शुरू होगा, ये सब तय होना बाकी है। सरकार की कोशिश है कि इस रूट पर ट्रेनें कुछ-कुछ समय के अंतराल पर चलें और यात्रियों को कम किराए में सफर करने की सुविधा मिले।