एनसीपी (अजित गुट) की नेता और अजित पवार की पत्नी सुनेत्रा पवार ने महाराष्ट्र की पहली महिला उपमुख्यमंत्री बन गईं हैं। उन्होंने शनिवार 31 जनवरी को उपमुख्यमंत्री पद की शपथ ली। महाराष्ट्र के गवर्नर आचार्य देवव्रत ने उन्हें शपथ दिलाया। बता दें कि इससे पहले सुनेत्रा पवार ने विधायक दल के नेता चुने जाने के बाद और उपमुख्यमंत्री के तौर पर शपथ लेने से पहले आधिकारिक आवास देवगिरी बंगले में अजीत पवार को श्रद्धांजलि दी।
महाराष्ट्र के गवर्नर आचार्य देवव्रत, मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, एनसीपी विधायक दल की नेता और दिवंगत उपमुख्यमंत्री अजीत पवार की पत्नी सुनेत्रा पवार के महाराष्ट्र की उपमुख्यमंत्री के तौर पर शपथ ग्रहण समारोह में शामिल हुए। बता दें कि इससे पहले इससे पहले पार्टी नेताओं ने सुनेत्रा पवार को अपना नेता चुना और सुनेत्रा ने राज्यसभा सांसद पद से इस्तीफा दिया था। उन्होंने अपना इस्तीफा राज्यसभा के उपाध्यक्ष और अध्यक्ष सीपी राधाकृष्णन को सौंपा।
2024 में हुई राजनीति में एंट्री
सुनेत्रा पवार ने औपचारिक रूप से राजनीति में कदम साल 2024 में रखा। उस समय अजीत पवार ने उन्हें बारामती से चुनाव मैदान में उतारा। वह भाजपा के नेतृत्व वाले एनडीए के समर्थन से नेशनलिस्ट कांग्रेस पार्टी (NCP) की उम्मीदवार बनीं। यह मुकाबला उनकी भाभी सुप्रिया सुले के खिलाफ था, जिसे काफी अहम चुनाव माना गया। सुप्रिया सुले, शरद पवार की बेटी हैं। उनका गुट कांग्रेस और शिवसेना के साथ मिलकर विपक्ष में है। यह चुनाव पवार परिवार और एनसीपी के भीतर बढ़ती दूरी का साफ संकेत था। हालांकि सुनेत्रा पवार यह चुनाव हार गईं, लेकिन इससे उनकी सार्वजनिक पहचान को बड़ा मोड़ मिला। कुछ महीनों बाद उन्हें राज्यसभा के लिए मनोनीत किया गया। जून 2024 में शपथ लेने के बाद से उनकी संसद में मौजूदगी करीब 69 प्रतिशत रही है।