डायमंड और टेक्सटाइल सिटी सूरत से 'लेक सिटी' उदयपुर तक सफर करने वालों के लिए अच्छी खबर है। जल्द ही सूरत को अपनी पहली वंदे भारत एक्सप्रेस मिलने जा रही है। रेल मंत्रालय ने सूरत और राजस्थान के उदयपुर के बीच नई वंदे भारत एक्सप्रेस चलाने को मंजूरी दे दी है। ये ट्रेन हफ्ते में छह दिन चलेगी और सूरत को राजस्थान से जोड़ेगी। वंदे भारत ट्रेन से सफर करने पर सूरत से उदयपुर की दूरी भी कम हो जाएगी। यात्रियों को कम समय में आरामदायक सफर की सुविधा मिलने की उम्मीद है। जानें इसके बारे में सबकुछ
गुजरात की 6वीं वंदे भारत ट्रेन होगी
नई वंदे भारत एक्सप्रेस के नवरात्रि से पहले शुरू होने की उम्मीद है। इस ट्रेन के चलने से सूरत और आसपास के जिलों के लोगों को राजस्थान जाने के लिए तेज और सुविधाजनक यात्रा का ऑप्शन मिलेगा। पर्यटकों के साथ कारोबार के सिलसिले में सफर करने वाले लोगों को भी इसका फायदा हो सकता है। इंडिया टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक, इस नई सेवा के शुरू होने के बाद गुजरात में वंदे भारत ट्रेनों की संख्या बढ़कर छह हो जाएगी।
रेलवे बोर्ड की मंजूरी के बाद सूरत और उदयपुर के बीच नई वंदे भारत एक्सप्रेस का संचालन तय हो गया है। आठ कोच वाली ये ट्रेन मंगलवार को छोड़कर सप्ताह में छह दिन चलेगी। ट्रेन सूरत से सुबह 6:10 बजे रवाना होकर दोपहर 1:40 बजे उदयपुर पहुंचेगी। वहीं, उदयपुर से वापसी के लिए ट्रेन दोपहर 3:35 बजे चलेगी और रात 11 बजे सूरत पहुंच जाएगी। यानी वंदे भारत से सूरत से उदयपुर की दूरी अब सिर्फ 7.30 घंटे में तय की जा सकेगी। इससे दोनों शहरों के बीच यात्रा पहले के मुकाबले तेज और सुविधाजनक हो जाएगी।
इंडिया टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक, नई वंदे भारत ट्रेन की देखभाल और जरूरी मरम्मत का काम सूरत में बने मेंटेनेंस सेंटर में किया जाएगा। ट्रेन में पानी भरने की सुविधा वडोदरा और अहमदाबाद के असरवा स्टेशन पर उपलब्ध रहेगी।
ट्रेन को किया जाएगा अपग्रेड
सूरत-उदयपुर नई सेवा शुरू होने के बाद उदयपुर सिटी और असरवा के बीच चल रही मौजूदा वंदे भारत ट्रेन को बंद कर दिया जाएगा। नई वंदे भारत सेवा शुरू होने के बाद उदयपुर सिटी और अहमदाबाद के असरवा के बीच चलने वाली मौजूदा ट्रेन को नए रूट पर चलाया जाएगा। 26963/26964 नंबर वाली यह ट्रेन इसी साल फरवरी में शुरू हुई थी।
रेलवे बोर्ड के नए फैसले के तहत अब इसे असरवा की जगह सूरत और उदयपुर के बीच चलाया जाएगा, जिससे सूरत को भी इस तेज रेल सेवा से जोड़ा जा सकेगा। रेलवे बोर्ड ने इस रूट का विस्तार सूरत तक करने का फैसला किया है। इसके बाद असारवा से चलने वाली वंदे भारत ट्रेन अब सूरत और उदयपुर के बीच संचालित की जाएगी।