Suvendu Adhikari PA Murder:गाड़ी रुकवाकर बरसाईं गोलियां...बंगाल में शुभेंदु अधिकारी के PA की हत्या

Suvendu Adhikari PA Chandra Murder: यह घटना कोलकाता के पास मध्यमग्राम इलाके में हुई, जिसके बाद पूरे क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस के मुताबिक, घटना के दौरान दोनों पक्षों की तरफ से गोलीबारी हुई। बताया जा रहा है कि चंद्रनाथ को गोली लगने से पहले कम से कम चार राउंड फायरिंग हुई थी

अपडेटेड May 07, 2026 पर 7:54 AM
Story continues below Advertisement
बुधवार 6 मई को उत्तर 24 परगना जिले का मध्यमग्राम बुधवार की देर रात गोलियों की तड़तड़ाहट से दहल उठा।

Suvendu Adhikari PA Chandra Murder: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के नतीजों के बाद वहां हिंसा की एक बड़ी वारदात सामने आई है। बुधवार 6 मई को उत्तर 24 परगना जिले का मध्यमग्राम बुधवार की देर रात गोलियों की तड़तड़ाहट से दहल उठा। पश्चिम बंगाल के भाजपा नेता और मुख्यमंत्री के प्रबल दावेदार सुवेंदु अधिकारी के निजी सहायक (PA) चंद्र नाथ रथ की मध्यमग्राम में सरेराह बुधवार देर रात गोली मारकर हत्या कर दी गई है। चश्मदीदों के मुताबिक वह कुछ लोगों के साथ थे, तभी हमलावरों ने उन्हें निशाना बनाया। इस घटना ने राज्य में कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

चलाई गईं चार गोलियां 

यह घटना कोलकाता के पास मध्यमग्राम इलाके में हुई, जिसके बाद पूरे क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस के मुताबिक, घटना के दौरान दोनों पक्षों की तरफ से गोलीबारी हुई। बताया जा रहा है कि चंद्रनाथ को गोली लगने से पहले कम से कम चार राउंड फायरिंग हुई थी। जानकारी के अनुसार, चार मोटरसाइकिलों पर सवार आठ हमलावरों ने उनकी कार को रास्ते में रोका और बेहद करीब से उन पर गोलियां चला दीं। हमला करने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। यह वारदात उस समय हुई, जब चंद्रनाथ उत्तरी 24 परगना जिले में जेसोर रोड के पास दोहरिया इलाके से होकर अपनी सफेद स्कॉर्पियो कार में कोलकाता स्थित अपने फ्लैट लौट रहे थे।


हमले में ड्राइवर भी घायल

चंद्रनाथ की कार उनके घर की तरफ जा रही थी, जो घटना स्थल से करीब 200 मीटर की दूरी पर था। इसी दौरान एक कार ने उनकी स्कॉर्पियो को रास्ते में रोकने की कोशिश की। जैसे ही उनकी गाड़ी धीमी हुई, चार मोटरसाइकिलों पर सवार आठ हमलावरों ने उन पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। इस हमले में चंद्रनाथ की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक, चंद्रनाथ के ड्राइवर बुद्धदेव बेरा भी इस हमले में घायल हो गए। उन्हें तीन गोलियां लगी हैं और उनका इलाज कोलकाता के अपोलो अस्पताल में चल रहा है। जांच में यह भी सामने आया है कि हमलावरों ने जिस कार से चंद्रनाथ की गाड़ी को रोकने की कोशिश की थी, उस पर फर्जी नंबर प्लेट लगी हुई थी। पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है।

तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) ने चंद्रनाथ रथ की हत्या की कड़ी निंदा की है। पार्टी ने हाल के चुनावों के बाद अपने कार्यकर्ताओं पर लगातार हिंसक हमले होने का भी आरोप लगाया है। टीएमसी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जारी बयान में कहा कि मध्यमग्राम में चंद्रनाथ रथ की बेरहमी से की गई हत्या बेहद दुखद और निंदनीय है। पार्टी ने इसके साथ ही पिछले तीन दिनों में कथित चुनाव बाद हिंसा के दौरान मारे गए अपने तीन अन्य कार्यकर्ताओं की मौत पर भी चिंता जताई। टीएमसी का आरोप है कि इन घटनाओं में भाजपा समर्थित बदमाश शामिल थे। पार्टी ने यह भी कहा कि ये हिंसक घटनाएं उस समय हुईं, जब राज्य में अभी भी आदर्श आचार संहिता लागू है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।