Suvendu Adhikari PA Murder Case: पश्चिम बंगाल के उत्तरी 24 परगना जिले में भारतीय जनता पार्टी (BJP) नेता सुवेंदु अधिकारी के करीबी सहयोगी और निजी सहायक (PA) चंद्रनाथ रथ की गोली मारकर हत्या किए जाने के एक दिन बाद उनकी दुखी मां फूट-फूटकर रो पड़ीं। उन्होंने तृणमूल कांग्रेस (TMC) पर आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की करारी हार के बाद से ही वह उनके परिवार को निशाना बना रही है।
बंगाल विधानसभा चुनाव परिणाम आने के महज 48 घंटे बाद अपने बेटे की मौत से स्तब्ध रथ की मां ने गुरुवार (7 मई) को दोषियों को उम्रकैद की सजा देने की मांग की। उन्होंने दावा किया कि यह हत्या भवानीपुर में सुवेंदु अधिकारी के खिलाफ ममता बनर्जी की हार का बदला है।
अधिकारी के PA रथ की बुधवार रात करीब साढ़े 10 बजे मध्यमग्राम के डोलतला इलाके में मोटरसाइकिल सवार हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी। हमलावरों ने उनकी गाड़ी को रोककर नजदीक से गोली चलाई और फिर फरार हो गए। रथ की मां ने एक टीवी चैनलों से कहा, "एक मां होने के नाते मैं किसी के लिए मौत की सजा नहीं मांग सकती। लेकिन मैं दोषियों के लिए उम्रकैद की मांग करूंगी।"
शोकाकुल मां ने दावा किया कि यह हत्या भवानीपुर में ममता बनर्जी की हार का बदला है। उन्होंने चुनाव प्रचार के दौरान तृणमूल कांग्रेस के नेताओं के बयानों का हवाला देते हुए कहा कि जब सुवेंदु अधिकारी शांतिपूर्ण मतदान की अपील कर रहे थे, तब तृणमूल सार्वजनिक रूप से कह रही थी कि चार मई के नतीजों के बाद दिल्ली का कोई नेता BJP कार्यकर्ताओं को नहीं बचा पाएगा। उन्होंने आरोप लगाया, "उन्होंने (तृणमूल नेताओं ने) अपनी बात सच साबित कर दी।"
उन्होंने कहा कि उनके बेटे को नंदीग्राम और भवानीपुर चुनावों की विशेष जिम्मेदारी सौंपी गई थी। रथ की मां ने स्थानीय टीवी चैनलों से बातचीत में आरोप लगाया, "अगर उसकी मौत किसी दुर्घटना में होती तो मुझे इतना दुख नहीं होता। उसे नंदीग्राम और भवानीपुर चुनावों की जिम्मेदारी दी गई थी। इसी वजह से उसे निशाना बनाया गया।"
भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने रथ की हत्या को तृणमूल कांग्रेस पर माफिया संस्कृति और महाजंगल राज को बढ़ावा देने का आरोप लगाया। BJP के राष्ट्रीय प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने आरोप लगाया कि पिछले 15 वर्षों में पश्चिम बंगाल में चुनाव बाद की हिंसा संस्थागत रूप ले चुकी है। उन्होंने दावा किया कि जब भी तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) को चुनावों में शिकस्त मिलती है, BJP कार्यकर्ताओं और नेताओं को निशाना बनाया जाता है।
उन्होंने दावा किया कि अब तक सामने आए सबूत एक साजिश की ओर इशारा करते हैं। भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि चुनावी हार को लेकर टीएमसी की हताशा BJP के नेताओं और कार्यकर्ताओं के खिलाफ लक्षित हमलों का कारण बन रही है। वहीं, तृणमूल कांग्रेस ने हत्या की निंदा की और अदालत की निगरानी में सीबीआई जांच की मांग की।