सुवेंदु अधिकारी ने ली पश्चिम बंगाल के मुख्‍यमंत्री पद की शपथ, पीएम मोदी, अमित शाह रहे मौजूद

तृणमूल कांग्रेस (TMC) प्रमुख ममता बनर्जी को एक नहीं बल्कि दो बार हराने वाले दिग्गज नेता सुवेंदु अधिकारी ने पश्चिम बंगाल के पहले भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली। इस ऐतिहास‍िक मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, सहित कई राज्‍यों के मुख्‍यमंत्री रहे मौजूद।

अपडेटेड May 09, 2026 पर 12:19 PM
Story continues below Advertisement
सुवेंदु अधिकारी ने ली पश्चिम बंगाल के मुख्‍यमंत्री पद की शपथ

तृणमूल कांग्रेस (TMC) प्रमुख ममता बनर्जी को एक नहीं बल्कि दो बार हराने वाले दिग्गज नेता सुवेंदु अधिकारी ने पश्चिम बंगाल के पहले भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली। उनके साथ दिलीप घोष, अग्निमित्रा पॉल, अशोक कीर्तनिया, खुदीराम टुडू और निसिथ प्रमाणिक ने भी मंत्री पद की शपथ ली।

बता दें कि पश्चिम बंगाल में भाजपा को ऐतिहासिक जीत दिलाने और ममता बनर्जी को उनके गढ़ भाबनीपुर में हराने के बाद, सुवेंदु अधिकारी ने शनिवार को कोलकाता के ब्रिगेड परेड ग्राउंड में मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। राज्य के राज्यपाल आरएन रवि ने उन्हें शपथ दिलाई।

शबथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन, कई केंद्रीय मंत्री और एनडीए शासित राज्यों के मुख्यमंत्री उपस्थित थे।


दिलचस्प बात यह है कि अधिकारी का शपथ ग्रहण समारोह नोबेल पुरस्कार विजेता रवींद्रनाथ टैगोर की जयंती के अवसर पर हुआ।

शभुेंदु अधिकारी ने किया पीएम मोदी का स्वागत

इससे पहले सुबह शुभेंदु अधिकारी ने एक्स पर पोस्ट किया, "पश्चिम बंगाल के लिए सचमुच एक ऐतिहासिक सुबह है। दूरदर्शी नेता माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी का 'सिटी ऑफ़ जॉय' में स्वागत करना अत्यंत गौरव और खुशी का क्षण है। आज, स्वतंत्रता के बाद पश्चिम बंगाल में पहली बार भाजपा सरकार के शपथ ग्रहण समारोह के साक्षी बनकर हम अपने संस्थापकों के सपनों को साकार कर रहे हैं। आज दशकों के कुशासन का अंत और विकास, शांति और समृद्धि के 'दोहरे इंजन' युग का आरंभ है।"

उन्होंने आगे लिखा, "स्वागत है, प्रधानमंत्री जी।"

गौरतलब है कि शुक्रवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की उपस्थिति में विधायक दल का नेता नामित किए जाने के कुछ घंटों बाद, अधिकारी ने राज्यपाल आरएन रवि से मुलाकात कर पश्चिम बंगाल में सरकार बनाने का दावा पेश किया था।

विधानमंडल दल का नेता चुने जाने के बाद सुवेंदु अधिकारी ने भाजपा नेतृत्व का आभार जताते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आशीर्वाद और पार्टी नेतृत्व के विश्वास से उन्हें यह जिम्मेदारी मिली है।

सुवेंदु अधिकारी कौन हैं?

सुवेंदु अधिकारी पश्चिम बंगाल के सबसे प्रभावशाली राजनीतिक परिवारों में से एक से ताल्लुक रखते हैं। उनके पिता, सिसिर अधिकारी, लोकसभा और पश्चिम बंगाल विधानसभा दोनों में अपनी सेवाएं दे चुके हैं।

उनके भाई, दिब्येंदु अधिकारी, 2024 में भाजपा में शामिल होने से पहले तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के सदस्य थे।

सुवेंदु अधिकारी ने 1995 में कांग्रेस पार्टी से अपने राजनीतिक सफर की शुरुआत की और 1998 में नवगठित टीएमसी में शामिल हो गए।

उन्होंने 2006 के पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में कांथी दक्षिण से चुनाव लड़ा और बाद में वाम मोर्चा सरकार के खिलाफ सिंगूर और नंदीग्राम आंदोलनों में एक प्रमुख व्यक्ति के रूप में उभरे।

अपने समर्थकों के बीच, अधिकारी अपने मजबूत जमीनी जुड़ाव के लिए जाने जाते हैं। 2020 में, उन्होंने भाजपा में शामिल होकर बंगाल के राजनीतिक परिदृश्य को पूरी तरह से बदल दिया।

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 में भाजपा ने शानदार जीत हासिल करते हुए 294 सदस्यीय विधानसभा में 207 सीटें जीतीं और TMC के 15 साल के शासन का अंत कर दिया। वहीं, तृणमूल ने 80 सीटें जीतीं।

यह भी पढें: ममता बनर्जी की सादगी के चर्चों के बीच जानिए उनके पास कितना सोना, कितनी ज्वैलरी?

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।