Get App

Tamil Nadu Election Results: कांग्रेस ने विजय की TVK को दिया समर्थन, तमिलनाडु कैबिनेट में दो मंत्री पदों की मांग

Tamil Nadu Election Results: सूत्रों ने बताया कि तमिलनाडु प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रमुख नेताओं की मंगलवार (5 मई) रात हुई एक ऑनलाइन बैठक में इस पर सहमति जताई गई कि विजय को धर्मनिरपेक्ष सरकार के गठन के लिए समर्थन देना चाहिए। सूत्रों का कहना है कि इस बारे में आधिकारिक फैसला बुधवार को किया जा सकता है

Akhilesh Nath Tripathiअपडेटेड May 06, 2026 पर 8:35 AM
Tamil Nadu Election Results: कांग्रेस ने विजय की TVK को दिया समर्थन, तमिलनाडु कैबिनेट में दो मंत्री पदों की मांग
Tamil Nadu Election Results: कांग्रेस ने तमिलनाडु में सरकार बनाने के लिए विजय की TVK को समर्थन देने पर सहमति जताई है

Tamil Nadu Election Results: कांग्रेस तमिलनाडु में सरकार गठन के लिए अभिनेता से राजनेता बने विजय की पार्टी तमिलगा वेत्री कषगम (TVK) को समर्थन देने की तैयारी में है। सूत्रों ने बताया कि इसकी जल्द ही आधिकारिक घोषणा की जा सकती है। सूत्रों के मुताबिक, कांग्रेस विजय की अगुवाई वाली तमिलनाडु सरकार में दो मंत्री पदों की उम्मीद कर रही है। उन्होंने बताया कि कांग्रेस नेता गिरीश चोडनकर और प्रवीण चक्रवर्ती TVK नेताओं के संपर्क में हैं। कांग्रेस के एक सूत्र ने ANI को बताया, "तमिलनाडु कांग्रेस PAC के सदस्यों ने एकमत से TVK प्रेसिडेंट और एक्टर विजय को राज्य में सेक्युलर सरकार बनाने के लिए सपोर्ट करने का फैसला किया।"

सूत्रों ने बताया कि तमिलनाडु प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रमुख नेताओं की मंगलवार रात हुई एक ऑनलाइन बैठक में इस पर सहमति जताई गई कि विजय को धर्मनिरपेक्ष सरकार के गठन के लिए समर्थन देना चाहिए। सूत्रों का कहना है कि इस बारे में अंतिम फैसला बुधवार को किया जा सकता है। सूत्रों के अनुसार अभी इस बात को लेकर चर्चा जारी है कि विजय के साथ जाने की स्थिति में सरकार का बाहर से समर्थन करना है या फिर सरकार का हिस्सा बनना है।

विजय ने कांग्रेस नेतृत्व को पत्र भेजकर समर्थन का आग्रह किया था। इसको लेकर पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी, संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल और तमिलनाडु प्रभारी गिरीश चोडानकर के बीच मंत्रणा हुई। फिर कांग्रेस नेतृत्व ने राज्य इकाई को निर्देश जारी किया कि वह राज्य की भावनाओं को ध्यान में रखते हुए अंतिम निर्णय ले। कांग्रेस ने यह भी कहा कि तमिलनाडु का जनादेश धर्मनिरपेक्ष सरकार के लिए है। वह बीजेपी तथा उसके प्रतिनिधि समूहों को सत्ता से दूर रखने के लिए प्रतिबद्ध है।

केसी वेणुगोपाल ने पत्रकारों से कहा, "टीवीके अध्यक्ष विजय ने कांग्रेस से तमिलनाडु में सरकार बनाने के लिए समर्थन का अनुरोध किया है। उन्होंने अपने राजनीतिक मिशन में पेरुमथलाईवर कामराज से भी प्रेरणा लेने की बात कही है। कांग्रेस का स्पष्ट मानना है कि तमिलनाडु में जनादेश एक ऐसी धर्मनिरपेक्ष सरकार के लिए है, जो संविधान की अक्षरशः रक्षा के लिए प्रतिबद्ध हो।"

सब समाचार

+ और भी पढ़ें