Tamil Nadu News: तमिलनाडु के तिरुचिरापल्ली जिले में रविवार (29 मार्च) को समयपुरम (समयापुरम) मारिअम्मन मंदिर के सन्नथी स्ट्रीट मंडपम में छत का एक हिस्सा गिरने से एक महिला श्रद्धालु की मौत हो गई। जबकि मंदिर के छत गिरने से दो अन्य घायल हो गए। रिपोर्ट के मुताबिक, यह घटना तब हुई जब भक्त, दर्शन के लिए समयपुरम आए थे। इसी दौरान वे सन्नथी स्ट्रीट पर बने मंडपम में आराम कर रहे थे। खबर है कि जब भक्त सो रहे थे तभी स्ट्रक्चर अचानक से गिर गया, जिससे अफरा-तफरी मच गई।
गिरने से मलबा सीधे मंडपम में सो रहे लोगों पर गिरा, जिससे कई लोग घायल हो गए। रिपोर्ट के मुताबिक, तंजावुर जिले की रहने वाली 32 वर्षीय नादिया नाम की एक महिला भक्त की मलबे के गिरने से मौके पर ही मौत हो गई। अचानक गिरने से आस-पास के भक्त हैरान रह गए। कई लोग मलबे में फंसे लोगों की मदद के लिए दौड़े। दो घायलों को स्थानीय सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
इस घटना में दो और भक्त घायल हो गए, जिन्हें मौके पर मौजूद लोगों ने बचाया। घायलों को इलाज के लिए तिरुचिरापल्ली के महात्मा गांधी मेमोरियल सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया। उनकी हालत के बारे में अभी ऑफिशियली नहीं बताया गया है।
न्यूज एजेंसी ANI के मुताबिक, यह घटना सन्नथी स्ट्रीट मंडपम में हुई, जो मंदिर में दर्शन के लिए आने वाले भक्त अक्सर आराम करने की जगह का इस्तेमाल करते हैं। छत गिरने के सही कारण के बारे में और जानकारी का इंतजार है। मौके पर सभी आलाधिकारी पहुंच गए हैं।
हादसे की खबर मिलते ही समयापुरम पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जांच शुरू कर दी है। इस दुर्घटना के बाद सन्नाथी स्ट्रीट के आसपास के इलाके को सील कर दिया गया है। समयापुरम मरियम्मन मंदिर तमिलनाडु के प्रमुख शक्ति मंदिरों में से एक है, जहां साल भर बड़ी संख्या में श्रद्धालु आते हैं।
कई तीर्थयात्री पैदल चलकर आते हैं। फिर सुबह पूजा-अर्चना करने के लिए रात भर वहीं रुकते हैं। त्रिची जिला पुलिस के अनुसार, नादिया की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि बाकी दो लोगों को आस-पास मौजूद श्रद्धालुओं ने बचा लिया। इस दुर्घटना के बाद अधिकारियों ने सन्नाथी स्ट्रीट को सील कर दिया है।