CM विजय का एक और बड़ा स्टेप, बाल दिवस पर सरकारी स्कूलों में रहेगा जश्न का माहौल! 9.27 करोड़ के स्पेशल बजट से बच्चों को मिलेगा केक

तमिलनाडु में बाल दिवस पर 61.84 लाख से ज्यादा स्कूली छात्रों को केक और मुख्यमंत्री के हस्ताक्षर वाले ग्रीटिंग कार्ड दिए जाएंगे। सरकार ने इसके लिए मंजूरी दे दी हैं। मुख्यमंत्री विजय भी 13 नवंबर को बच्चों के बीच केक बांटेंगे।

अपडेटेड Nov 12, 2026 पर 12:55 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google

चेन्नई, (PTI): तमिलनाडु में इस बार बाल दिवस (Children's Day)पर स्कूली बच्चों को खास तोहफा मिलने वाला है। राज्य के सरकारी और सरकारी सहायता प्राप्त स्कूलों में पढ़ने वाले 61.84 लाख से ज्यादा छात्रों को केक बांटे जाएंगे। सरकार ने बच्चों के लिए इस खास दिन को यादगार बनाने की तैयारी की है।

मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय की पहल पर छात्रों को केक के साथ उनके हस्ताक्षर वाले ग्रीटिंग कार्ड भी दिए जाएंगे। इस योजना के लिए सरकार ने 9.27 करोड़ रुपये मंजूर किए हैं। बाल दिवस पर इतनी बड़ी संख्या में बच्चों को केक बांटने की यह राज्य में पहली पहल बताई जा रही है।

बाल दिवस के लिए सरकार के खास इंतजाम


राज्य सरकार ने इस योजना के लिए 9.27 करोड़ रुपये मंजूर किए हैं। इसके तहत प्राइमरी, मिडिल, हाई और हायर सेकेंडरी स्कूलों के कुल 61,84,566 छात्रों को केक और ग्रीटिंग कार्ड दिए जाएंगे।

केक की सप्लाई के लिए तमिलनाडु सिविल सप्लाई कॉरपोरेशन (TNCSC) ने टेंडर जारी किए थे। इसके बाद चार कंपनियों से केक खरीदे गए। अलग-अलग जिलों में छात्रों की संख्या के हिसाब से केक बांटने की व्यवस्था की गई है:

• दो पैकेट: मयिलादुथुराई, सलेम, तंजावुर, मदुरै, तिरुवन्नामलाई, तिरुचिरापल्ली, कोयंबटूर, तिरुपुर, नीलगिरी, इरोड, नमक्कल और करूर के हर छात्र को 45 ग्राम के दो पैकेट मिलेंगे।

• एक पैकेट: बाकी सभी जिलों में हर छात्र को 45 ग्राम का एक पैकेट दिया जाएगा।

केक की क्वालिटी पर अधिकारियों की रहेगी नजर

खाद्य सुरक्षा विभाग ने केक के स्टॉक की जांच कर उसे सही पाया है। वहीं, शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने 10 से 12 नवंबर के बीच सभी स्कूलों तक केक पहुंचाने की व्यवस्था देखी। स्कूलों को निर्देश दिए गए हैं कि केक बांटने से पहले उन्हें साफ और सुरक्षित जगह पर रखा जाए।

शुक्रवार को वितरण के दौरान जिला कलेक्टर और विशेष टीमें पूरी प्रक्रिया पर नजर रखेंगी। मुख्यमंत्री विजय 13 नवंबर को खुद छात्रों को केक और ग्रीटिंग कार्ड बांटेंगे और उन्हें बाल दिवस की शुभकामनाएं देंगे।

हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।