Tiger Shroff Firing Case: टाइगर श्रॉफ पर गोलीबारी करने वाले तीनों युवक कोटा से गिरफ्तार, जानिए कहां के रहने वाले हैं आरोपी

Tiger Shroff Firing Case: बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ की कार पर गोलीबारी के मामले में तीन संदिग्ध युवक राजस्थान के कोटा रेलवे स्टेशन से पकड़े गए हैं। इसमें दो हरियाणा और एक बिहार का रहने वाला है। मुंबई पुलिस का दावा है कि इनमें से दो ने एक्टर पर फायरिंग की थी। तीनों को मुंबई ले जाया जा रहा है

अपडेटेड Oct 19, 2026 पर 12:54 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
Tiger Shroff Firing Case: अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर गोलीबारी करने वाले तीनों आरोपियों को मुंबई पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है

Tiger Shroff Firing Case: बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ की कार पर सरेआम फायरिंग करने के मामले में मुंबई पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। मुंबई के जुहू इलाके में 18 अक्तूबर को हुई गोलीबारी की घटना के बाद फरार चल रहे तीनों संदिग्ध आरोपियों को राजस्थान के कोटा से गिरफ्तार कर लिया गया है। मुंबई पुलिस के मुताबिक, आरोपियों की उम्र 17, 18 और 22 साल बताई जा रही है। राजस्थान पुलिस की एंटी-गैंगस्टर टास्क फोर्स (ATF) और पुलिस ने जॉइंट कार्रवाई करते हुए सोमवार (19 अक्तूबर) को यह गिरफ्तारी की। तीनों में से दो हरियाणा और एक बिहार का रहने वाला है। मुंबई पुलिस का दावा है कि इनमें से दो आरोपियों ने एक्टर पर फायरिंग की थी। फिलहाल, तीनों को मुंबई ले जाया जा रहा है।

'न्यूज 18' के मुताबिक, तीनों आरोपियों को राजस्थान के कोटा रेलवे स्टेशन पर एक ट्रेन से पकड़ा गया है। आरोपी मुंबई से दिल्ली की ओर जा रहे थे। ATF राजस्थान से मिली जानकारी के अनुसार, जैसे ही ट्रेन कोटा रेलवे स्टेशन पहुंची, तीनों आरोपियों को पकड़ लिया गया। बताया जा रहा है कि फायरिंग की घटना के बाद फरार चल रहे ये आरोपी वसई से ट्रेन में सवार हुए थे। लेकिन कोटा पुलिस ने इन्हें दबोच लिया। यह ट्रेन नंबर 12939 पुणे जंक्शन से जयपुर जंक्शन के बीच चलती है। यह ट्रेन कल्याण जंक्शन और वसई रोड पर रुकती है। इसके बाद यह गुजरात और मध्य प्रदेश से होते हुए राजस्थान में एंट्री करती है, जहां कोटा भी इसका एक स्टॉप है।

नेपाल भागने वाले थे आरोपी


कोटा पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने पीटीआई को बताया, "शहर की पुलिस ने आज कोटा स्टेशन पर तीन संदिग्धों को हिरासत में लिया है।" रविवार शाम मुंबई के जुहू इलाके में अज्ञात हमलावरों ने टाइगर श्रॉफ की कार पर गोलीबारी की थी। इस घटना में अभिनेता सुरक्षित बच गए। जबकि उनका चालक और एक अन्य व्यक्ति घायल हो गए। सोशल मीडिया में वायरल हुए एक पोस्ट में लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने हमले की जिम्मेदारी ली है। कोटा पुलिस ने पत्रकारों को बताया कि तीनों आरोपी नेपाल भागने की तैयारी कर रहे थे।

तीनों आरोपियों की हुई पहचान

1. पहला आरोपी नाबालिग है, जिसकी उम्र 17 वर्ष बताई जा रही है। वह बड़ौदा, थुथन, जिला सोनीपत हरियाणा का रहने वाला है।

2. दूसरे आरोपी का नाम ऋतिक कुमार उर्फ ​​रोशन है। उसके पिता का नाम रामू महतो (जाति: कुर्मी) है। उसकी उम्र 22 वर्ष है। वह पिपराइ, जिला बेगूसराय, बिहार का रहने वाला है। लेकिन वर्तमान में वह गिल बारली, उर्दू स्कूल के पास स्थित अंधेरी वेस्ट, मुंबई में रहता है। वह रैपिडो (Rapido) राइडर है।

3. तीसरे आरोपी का नाम रेहान है। उसके पिता का नाम ऋषिउद्दीन अंसारी है। उसकी उम्र 18 वर्ष है। इसके अलावा उसका धर्म मुस्लिम है। वह ईदगाह कॉलोनी, थाना सदर, सोनीपत, हरियाणा का रहने वाला है।

क्राइम ब्रांच करेगी मामले की जांच

मुंबई पुलिस ने टाइगर श्रॉफ की कार पर गोलीबारी के मामले में तीन अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया है। अधिकारियों ने बताया कि जुहू पुलिस ने शुरुआत में मामला दर्ज किया था। लेकिन अपराध की गंभीरता को देखते हुए जांच का जिम्मा मुंबई क्राइम ब्रांच को सौंप दिया गया है। एक अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 109(1) (हत्या का प्रयास) और धारा 3(5) (साझा मंशा को आगे बढ़ाने के लिए किए गए आपराधिक कृत्य) तथा शस्त्र अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत FIR दर्ज की है।

उन्होंने बताया कि क्राइम ब्रांच की जांच अपने हाथ में लेने के बाद जांच अधिकारी मामले के सभी संभावित पहलुओं की पड़ताल कर रहे हैं जिसमें मामला लॉरेंस बिश्नोई गिरोह से जुड़े होने की संभावनाओं पर भी जांच की जा रही है। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री फडणवीस ने कहा कि हमलावरों और उनके आकाओं का पता लगाया जाएगा और किसी को बख्शा नहीं जाएगा।

ये भी पढ़ें- Tiger Shroff Firing Incident: सलमान खान से लेकर कपिल शर्मा और AP Dhillon तक, लॉरेंस बिश्नोई गैंग के निशाने पर आए ये 8 सितारे

इससे पूर्व उप मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे रविवार देर रात मुंबई के बांद्रा इलाके में स्थित श्रॉफ के घर पहुंचे। उन्होंने 36 वर्षीय अभिनेता के स्वास्थ्य के बारे में जानकारी ली। उनके चिंतित परिवार को ढांढस बंधाया और गोलीबारी की घटना के बाद उन्हें पूरी सुरक्षा मुहैया कराने का भरोसा दिलाया। शिंदे ने इस हमले को दुर्भाग्यपूर्ण बताया और कहा कि श्रॉफ को इस घटना में कोई चोट नहीं आई है। उन्होंने कहा कि पुलिस गोलीबारी की घटना की गहन जांच करेगी। इसके लिए जिम्मेदार लोगों की पहचान करेगी और ऐसे हमलों के पीछे सक्रिय आपराधिक नेटवर्क को नष्ट करेगी।

हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।