मुंबई के जुहू इलाके में बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ की कार पर हुई गोलीबारी के मामले में पुलिस लगातार जांच कर रही है। पुलिस ने इस मामले में शामिल तीन आरोपियों को पकड़ लिया है। आरोपियो ने टाइगर को निशाना बनाकर सात राउंड फायरिंग की थी। वहीं इस हमले में एक्टर बाल-बाल बचे हैं, लेकिन उनके दाहिने हाथ पर बारूद से झुलसने के निशान हैं। इस दौरान उनके ड्राइवर फिरदौस और एक ऑटो रिक्शा चालक उमेश कुमार चौहान भी घायल हो हुए। वहीं उमेश कुमार चौहान का अस्पताल में अभी इलाज चल रहा है। डॉक्टरों के मुताबिक अभी उनकी हालत स्थिर है। आइए जानते हैं कौन है उमेश कुमार चौहान
18 साल में मुंबई में रहते हैं उमेश
उमेश कुमार चौहान पिछले करीब 18 साल से मुंबई में रह रहे हैं। अपने परिवार का खर्च चलाने के लिए घर-घर जाकर डिटर्जेंट बेचते हैं। 35 साल के उमेश का एक और सपना है, जिसे पूरा करने के लिए वह पिछले डेढ़ साल से लगातार मेहनत कर रहे हैं। वह बॉलीवुड सितारों, उनके घरों और उनसे मिलने के लिए बाहर जमा होने वाले फैंस के वीडियो बनाते हैं। उनका मकसद इन वीडियो को सोशल मीडिया पर शेयर करके अपनी पहचान बनाना और ज्यादा से ज्यादा लोगों तक पहुंचना है। रोजी-रोटी के लिए मेहनत करने के साथ-साथ उमेश अपने इस सपने को भी पूरा करने की कोशिश में जुटे हुए हैं।
घटना के समय वीडियो बना रहे थे
रविवार को उमेश कुमार चौहान अपने वीडियो बनाने के सिलसिले में मुंबई के जुहू स्थित पुष्पा पार्क पहुंचे थे। वहां बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ फुटबॉल खेलने आए थे। चौहान अभिनेता के वहां से निकलने का वीडियो बना रहे थे, तभी अचानक गोली चलने की आवाज सुनाई दी। इसी दौरान एक गोली उन्हें भी लग गई, जिससे वह घायल हो गए। जिस काम के जरिए वह सोशल मीडिया पर अपनी पहचान बनाने का सपना देख रहे थे, उसी दौरान उनके साथ ये हादसा हो गया। रविवार को उमेश अपने दोस्त किसान राजभर के साथ मुंबई के जुहू स्थित पुष्पा पार्क पहुंचे थे।
उमेश के दोस्त किसान राजभर भी व्लॉग बनाते हैं। दोनों को जब पता चला कि अभिनेता टाइगर श्रॉफ वहां आने वाले हैं, तो वे उनकी वीडियो बनाने के लिए पहुंच गए। राजभर ने बताया, “हम पहले अमिताभ बच्चन के घर के बाहर वीडियो बनाने गए थे। इसके बाद हम पुष्पा पार्क पहुंचे, जहां टाइगर श्रॉफ फुटबॉल खेलने आते हैं। हमने वहां काफी देर तक वीडियो बनाए। जब टाइगर बाहर आए, तो उन्होंने हमसे बातचीत की। इस दौरान हमने उनके साथ कुछ तस्वीरें लीं और वीडियो भी रिकॉर्ड किए।” राजभर के मुताबिक, जब गोलीबारी शुरू हुई, उस समय अभिनेता अपने ड्राइवर के साथ कार में बैठ चुके थे। उन्होंने बताया, “गोली चलने की आवाज ऐसी थी, जैसे दिवाली पर लगातार पटाखे फूट रहे हों। मैं घबराकर चिल्लाने लगा कि टाइगर सर को गोली लग गई है। इसी बीच उमेश को भी गोली लग गई।”
गोली लगने के बाद उमेश कुमार चौहान को सबसे पहले मुंबई के कूपर अस्पताल में भर्ती कराया गया। बाद में, आधी रात के करीब उन्हें परेल स्थित KEM अस्पताल में शिफ्ट कर दिया गया। सोमवार को डॉक्टरों की टीम आईसीयू में उनकी सेहत पर लगातार नजर रख रही थी। डॉक्टरों के अनुसार, उनकी हालत फिलहाल स्थिर है और लिवर में लगी चोट से खून बहना बंद हो गया है। राहत की बात ये भी है कि गोली लगने से उनके दिल और फेफड़ों को कोई नुकसान नहीं पहुंचा है। डॉक्टरों ने फिलहाल तुरंत ऑपरेशन करने के बजाय दवाओं और दूसरे जरूरी इलाज के जरिए उनकी हालत में सुधार लाने का फैसला किया है।
आठ महीने की गर्भवती है पत्नी
उमेश मुंबई के मानखुर्द इलाके में अपनी पत्नी और छह साल के बेटे आरव के साथ रहते हैं। उनकी पत्नी आठ महीने की गर्भवती हैं, जबकि उनका बेटा जूनियर किंडरगार्टन में पढ़ता है। इस घटना की जानकारी उनके परिवार को भी काफी चिंता में डालने वाली थी। उमेश का परिवार उनके जल्द ठीक होने की उम्मीद कर रहा है और उनके स्वास्थ्य में सुधार का इंतजार कर रहा है। बोरीवली में रहने वाले उमेश के रिश्तेदार अरविंद चौरसिया को रविवार रात टीवी पर खबरें देखते समय घटना की जानकारी मिली। उत्तर प्रदेश में रहने वाले उमेश के माता-पिता से उनकी पहचान की पुष्टि करने के बाद अरविंद चौरसिया अस्पताल पहुंचे।
उमेश के माता-पिता ने सोमवार दोपहर मुंबई आने के लिए ट्रेन की टिकट बुक की। वहीं, उनकी पत्नी को अगले दिन सुबह घटना की जानकारी मिली। आठ महीने की गर्भवती होने के कारण डॉक्टरों ने उन्हें अस्पताल आने से मना किया है।