बॉलीवुड एक्टर टाइगर श्रॉफ पर हुए हमले के बाद से पूरा बॉलीवुड सकते में है। हमले के बाद पुलिस की ताबड़तोड़ कार्रवाई के बाद तीनों संदिग्धों को पकड़ लिया गया है। राजस्थान पुलिस ने सोमवार को बताया कि बॉलीवुड एक्टर टाइगर श्रॉफ से जुड़ी फायरिंग की घटना में कोटा पुलिस को ट्रैप लगाकर तीन संदिग्धों को पकड़ने में सिर्फ 15 मिनट लगे।
आरोपी ट्रेन से सफर कर रहे थे, पुलिस को उनके आने-जाने की जानकारी मिली और ट्रेन की तलाशी ली गई, जिसके बाद उन्हें हिरासत में लिया गया। कोटा SP तेजस्वनी गौतम ने कहा कि पुलिस को सोमवार सुबह जानकारी मिली कि फायरिंग के तीन मुख्य संदिग्ध ट्रेन से सफर कर रहे हैं और उनके कोटा आने की उम्मीद है। टीम तुरंत हरकत में आई और ट्रेन की तलाशी ली, और जानकारी मिलने के 15 मिनट के अंदर तीनों को पकड़ लिया।
हिरासत में लिए गए संदिग्धों की पहचान हरियाणा के सोनीपत के रेहान उर्फ सुक्का; बिहार के बेगूसराय के ऋतिक कुर्मी उर्फ रोशन के रूप में हुई है, जो कथित तौर पर पिछले कुछ सालों से मुंबई में रह रहा था; और एक नाबालिग है।
बता दें, टाइगर श्रॉफ पर ये हमला 18 अक्टूबर, 2026, रविवार को हुआ था। शुरुआती जांच में पता चला कि तीन हमलावरों एक पार्क के पास करीब 45 मिनट तक इंतजार करने के बाद टाइगर श्रॉफ की कार पर गोलियां चला दीं। हमलावरों ने श्रॉफ पर कुल सात राउंड फायरिंग की। इनमें से पांच गोलियां गाड़ी पर लगीं, जबकि दो निशाने से चूक गईं। शुरुआती गोलीबारी के बाद, एक हमलावर कथित तौर पर कार की खिड़की के पास पहुंचा और उसने श्रॉफ पर दो बार गोली चलाने की कोशिश की, लेकिन उसका हथियार जाम हो गया।
राहत की बात ये है कि इस घटना में टाइगर श्रॉफ को कोई गंभीर चोट नहीं आई है। बताया जा रहा है कि उनके ड्राइवर फिरदौस के बाएं हाथ में गोली लगी। वहीं मौजूद एक अन्य व्यक्ति भी घायल हो गया । उसे बाद में इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया।