Tiger Shroff Firing: मुंबई के जुहू इलाके में बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ को निशाना बनाकर की गई फायरिंग की घटना के बाद उनकी पहली तस्वीरें सामने आई हैं। तस्वीरों में अभिनेता के दाहिने हाथ पर पट्टी बंधी दिखाई दे रही है। जबकि कंधे और छाती पर भी ड्रेसिंग नजर आ रही है। घटना के बाद महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने रविवार (18 अक्टूबर) को टाइगर श्रॉफ के घर पहुंचकर उनसे मुलाकात की। इस दौरान उन्हें तथा उनके परिवार को सुरक्षा का भरोसा दिलाया। शिंदे ने साफ कहा कि इस वारदात के लिए जिम्मेदार लोगों को बख्शा नहीं जाएगा।
बारूद और कांच के टुकड़ों से घायल हुए टाइगर
टाइगर श्रॉफ पर हुए हमले के बाद सामने आई तस्वीरों ने उनके प्रशंसकों की चिंता बढ़ा दी है। महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने अभिनेता से मुलाकात के बाद मीडिया को बताया कि फायरिंग के दौरान टाइगर को बारूद और कांच के टुकड़ों से चोटें आईं। उन्होंने यह भी कहा कि घटना के समय पांच राउंड गोलियां चलाई गईं। लेकिन राहत की बात रही कि अभिनेता सुरक्षित हैं।
शिंदे के मुताबिक, टाइगर के ड्राइवर को भी चोटें आई हैं। इस घटना से अभिनेता और उनकी मां काफी घबराए हुए हैं। उपमुख्यमंत्री ने वारदात को गंभीर और निंदनीय बताते हुए कहा कि राज्य सरकार इस मुश्किल घड़ी में अभिनेता और उनके परिवार के साथ खड़ी है।
ड्राइवर और ऑटो रिक्शा चालक घायल
टाइगर श्रॉफ पर अज्ञात हमलावर ने गोलीबारी की। हालांकि अभिनेता को कोई गंभीर चोट नहीं आई है। इस मामले की जांच के लिए 15 टीम गठित की गई हैं। पुलिस ने बताया कि इस घटना में श्रॉफ का चालक और एक ऑटो चालक घायल हुए हैं। उन्होंने बताया कि इस मामले की जांच के लिए 15 टीम गठित की गई हैं। इस घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है।
सोशल मीडिया पर वायरल एक पोस्ट के अनुसार, लॉरेंस बिश्नोई गिरोह ने हमले की जिम्मेदारी ली है। हालांकि, पुलिस ने अभी तक पोस्ट की प्रामाणिकता की पुष्टि नहीं की है। एक अधिकारी ने बताया कि घटना पश्चिमी उपनगर में जुहू पुलिस थाना क्षेत्र में पुष्पा पार्क के पास हुई।
उन्होंने कहा कि घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है।अधिकारी ने कहा, "गोलीबारी की घटना में श्रॉफ सुरक्षित हैं और उन्हें कोई चोट नहीं आई है। गोलीबारी में उनके चालक फिरदौस और चौहान नाम से पहचाने गए एक ऑटो रिक्शा चालक घायल हो गए। दोनों को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया।" उन्होंने बताया कि फिरदौस के बाएं हाथ में चोट लगी है। प्रारंभिक रिपोर्ट के अनुसार, एक अज्ञात व्यक्ति ने अभिनेता और उनके एक दोस्त पर गोली चलाई।
एकनाथ शिंदे की दो टूक- गैंगवार बर्दाश्त नहीं होगी
टाइगर श्रॉफ से मुलाकात के बाद एकनाथ शिंदे ने कहा कि सार्वजनिक हस्तियों को खुलेआम धमकाने और डराने की कोशिशों को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने आश्वासन दिया कि मामले में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। शिंदे ने मुंबई में 1990 के दशक में गैंगवार की घटनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि मुंबई पुलिस ने पहले भी ऐसी गतिविधियों पर लगाम लगाई थी। उन्होंने कहा कि शहर में दोबारा इस तरह की गुंडागर्दी को पनपने नहीं दिया जाएगा और दोषियों के खिलाफ कठोर कदम उठाए जाएंगे।
हमले में इस्तेमाल बाइक बरामद, जांच में जुटी मुंबई पुलिस
इस मामले में पुलिस की जांच भी तेज हो गई है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, पुलिस ने फायरिंग की वारदात में इस्तेमाल की गई बाइक बरामद कर ली है। अब जांच एजेंसियां हमले में शामिल लोगों की पहचान करने और घटना के पीछे की वजह का पता लगाने में जुटी हैं। फिलहाल, इस हमले के पीछे किसका हाथ है और हमलावरों का मकसद क्या था, इसकी पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। घटना ने मुंबई में फिल्मी हस्तियों की सुरक्षा को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।
2 मार्च 1990 को जय हेमंत श्रॉफ के रूप में जन्मे टाइगर श्रॉफ बॉलीवुड के प्रमुख एक्शन अभिनेताओं और मार्शल आर्ट के खिलाड़ियों में शामिल हैं। टाइगर श्रॉफ ने 2014 में फिल्म 'हीरोपंती' से अपने अभिनय करियर की शुरुआत की थी। उन्होंने 'बागी', 'बागी 2' और 'वॉर' जैसी फिल्मों से अपनी पहचान मजबूत की। फिल्मों से इतर वह खेल जगत में भी एक प्रमुख हस्ती हैं।
उन्होंने 2019 में मैट्रिक्स फाइट नाइट (एमएफएन) की सह-स्थापना की थी, जो अब भारत का सबसे बड़ा मिश्रित मार्शल आर्ट (एमएमए) आयोजन ब्रांड बन गया है। इस बीच, विपक्ष ने आरोप लगाया कि गृह विभाग संभाल रहे फडणवीस राज्य में कानून-व्यवस्था बनाए रखने में विफल रहे हैं।