पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में मिली करारी शिकस्त के बाद टीएमसी के अंदर सबकुछ ठीक नहीं चल रहा है। एक के बाद एक पार्टी को उसके ही नेता छोड़ रहे हैं। वहीं अब ममता बनर्जी ने ही अपने दो विधायकों पर सख्त एक्शन लिया है। TMC ने अपने दो विधायकों, रितब्रत बनर्जी और संदीपन साहा को पार्टी से निकाल दिया है। बता दें कि इससे पहले टीएमसी सांसद काकोली घोष ने हाल ही में पार्टी के सभी पदों से इस्तीफा दिया था।
जानकारी के मुताबिक, तृणमूल कांग्रेस सुप्रीमो ममता बनर्जी ने पार्टी विरोधी गतिविधियों को लेकर ये बड़ा कदम उठाया है। यह कदम मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के इस खुलासे के कुछ ही मिनटों बाद उठाया गया, जिसमें उन्होंने बताया था कि इन दोनों विधायकों ने विधानसभा स्पीकर से शिकायत की थी कि उन्होंने विपक्ष के नेता के नाम का प्रस्ताव करने वाले पत्र पर हस्ताक्षर नहीं किए थे। लिखावट मेल नहीं खा रही थी। इसके आधार पर हरे स्ट्रीट पुलिस स्टेशन में एफआईआर दर्ज की गई।
बता दें कि, फिलहाल टीएमसी नेता और सांसद अभिषेक बनर्जी पर हमले के बाद एक तरफ जहां उनकी पार्टी ने मोर्चा खोला हुआ है तो वहीं दूसरी ओर टीएमसी के अंदर सबकुछ ठीक-ठाक नजर नहीं आ रहा है। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में हार के बाद टीएमसी के अंदर फूट पड़ती दिखाई दे रही है। खबरों की माने तो, तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के महासचिव अभिषेक बनर्जी पर हुए हमले के एक दिन बाद पार्टी के नए चुने गए विधायकों की बैठक तय समय पर शुरू नहीं हो सकी। बैठक से 60 विधायक नदारद रहे।