Goa Nightclub Fire After Cylinder Blast: उत्तरी गोवा के अर्पोरा में शनिवार देर रात एक बड़ा हादसा हो गया, जब एक नाइट क्लब में सिलेंडर फटने से भीषण आग लग गई। यह विस्फोट रात लगभग 1 बजे क्लब के किचन क्षेत्र के पास हुआ, जिसमें कम से कम 23 लोगों की मौत हो गई। मरने वालों में नाइट क्लब के कर्मचारियों के साथ-साथ कुछ पर्यटक भी शामिल हैं। विस्फोट की सूचना मिलते ही दमकल की गाड़ियां तुरंत मौके पर पहुंचीं। दमकलकर्मियों ने आग पर काबू पाने के लिए लगभग दो घंटे तक कड़ी मशक्कत की।अथक प्रयासों के बावजूद, क्लब के कई कर्मचारियों को समय रहते बचाया नहीं जा सका।
तेज ब्लास्ट के बाद तेजी से फैल गई आग
गोवा पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, यह विस्फोट देर रात लगभग 1 बजे हुआ। कथित तौर पर पहले एक गैस सिलेंडर फटा।अधिकारियों ने बताया कि विस्फोट की तीव्रता इतनी अधिक थी कि कुछ ही सेकंड में आग पूरी इमारत में फैल गई, जिससे नाइट क्लब के कर्मचारियों को भागने या खुद को बचाने का समय ही नहीं मिला। आग क्लब के तंग आंतरिक हिस्सों में तेजी से फैली, जिससे बचाव कार्य कठिन हो गया।
मुख्यमंत्री ने दी मृतकों की जानकारी
मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने दुख व्यक्त करते हुए बताया कि मरने वालों में ज्यादातर नाइट क्लब के कर्मचारी थे। मुख्यमंत्री ने कहा, 'मरने वालों में ज्यादातर क्लब के रसोई कर्मचारी थे, और इनमें तीन महिलाएं भी शामिल थीं।' उन्होंने पुष्टि की कि जान गंवाने वालों में 'तीन से चार पर्यटक' भी शामिल थे।
पीएम ने जताया दुख, मृतकों के परिवारवालों को मिलेगी ₹2 लाख की सहायता
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गोवा के अर्पोरा में नाइट क्लब में हुए भीषण अग्निकांड पर गहरा दुख व्यक्त किया है। ट्वीट करते हुए उन्होंने कहा कि, 'अर्पोरा, गोवा में आग लगने की घटना अत्यंत दुखद है। मेरे विचार उन सभी के साथ हैं जिन्होंने अपने प्रियजनों को खो दिया है। मैं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं।' इसके साथ ही, उन्होंने घटना की स्थिति के बारे में जानकारी लेने के लिए गोवा के मुख्यमंत्री डॉ. प्रमोद सावंत से बात करने की पुष्टि भी की। प्रधानमंत्री ने आश्वासन दिया कि राज्य सरकार प्रभावित लोगों को हर संभव सहायता प्रदान कर रही है।
प्रधानमंत्री मोदी ने नाइट क्लब अग्निकांड के पीड़ितों के लिए प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (PMNRF) से अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है। इस दुखद हादसे में जान गंवाने वाले प्रत्येक मृतक के परिजनों को ₹2 लाख की राशि दी जाएगी। इसके अतिरिक्त, घायल हुए लोगों को ₹50,000 की सहायता राशि प्रदान की जाएगी।