Train Accident in Assam: असम के गुवाहाटी में बड़ा ट्रेन हादसा, कोलकाता-सैरंग एक्सप्रेस के 6 डिब्बे पटरी से उतरे

Train Accident in Assam: असम के गुवाहाटी में बुधवार (11 नवंबर) सुबह एक बड़ा रेल हादसा टल गया। डिगारू रेलवे स्टेशन पर सुबह करीब 6:54 बजे कोलकाता-सैरंग एक्सप्रेस (ट्रेन नंबर 13125) का इंजन और 6 डिब्बे पटरी से उतर गए। हादसे के बाद रेलवे प्रशासन में हड़कंप मच गया। फिलहाल, राहत-बचाव अभियान शुरू कर दिया गया है

अपडेटेड Nov 11, 2026 पर 9:55 AM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
Train Accident in Assam: गुवाहाटी के पास बुधवार सुबह कोलकाता-सैरंग एक्सप्रेस पटरी से उतर गई

Train Accident in Assam: असम में गुवाहाटी के पास डिगारू में बुधवार (11 नवंबर) सुबह सैरंग-कोलकाता एक्सप्रेस ट्रेन के छह डिब्बे और इंजन पटरी से उतर गए। अधिकारियों ने बताया कि किसी की मौत होने की फिलहाल कोई सूचना नहीं है। लेकिन कई यात्रियों के घायल होने की आशंका है। एक अधिकारी ने बताया कि मिजोरम के आइजोल के पास सायरंग से कोलकाता जा रही यह ट्रेन कामरूप (मेट्रोपोलिटन) जिले के डिगारू रेलवे स्टेशन के पास सुबह छह बजकर 54 मिनट पर पटरी से उतर गई।

रेलवे अधिकारी ने कहा, "हादसे में कई यात्रियों के घायल होने की खबर है लेकिन घायलों की सटीक संख्या और ट्रेन के पटरी से उतरने के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है।" अधिकारी ने बताया कि बचाव अभियान चलाने और रेल पटरियों से क्षतिग्रस्त डिब्बों को हटाने के लिए एक राहत ट्रेन घटनास्थल पर भेजी गई है। यह हादसा बुधवार सुबह करीब 06:54 बजे की है।

पूर्वोत्तर सीमा रेलवे के CPRO ने न्यूज एजेंसी ANI को बताया, "11 नवंबर 2026 को सुबह करीब 06:54 बजे, जब ट्रेन नंबर 13125 कोलकाता-सैरंग एक्सप्रेस को असम के डिगारू रेलवे स्टेशन पर एक दूसरी ट्रेन को रास्ता देने के लिए रोका जा रहा था, तब लोको-पायलट गति को नियंत्रित नहीं कर सका।"


अधिकारी ने आगे बताया, "इसके परिणामस्वरूप उस ट्रेन का इंजन और उसके 5 डिब्बे पटरी से उतर गए। सभी यात्री सुरक्षित हैं और किसी को कोई चोट नहीं आई है। यात्रियों को दूसरी ट्रेन से उनके गंतव्य तक पहुंचाया जा रहा है। राहत और बचाव कार्य तुरंत शुरू कर दिए गए हैं और महाप्रबंधक अन्य अधिकारियों के साथ घटनास्थल के लिए रवाना हो गए हैं।"

नॉर्थईस्ट फ्रंटियर रेलवे के मुताबिक, ट्रेन में सवार सभी यात्री सुरक्षित हैं। हादसे में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाने के लिए वैकल्पिक ट्रेन की व्यवस्था की गई है। रेलवे की ओर से मौके पर राहत और बचाव कार्य चलाया जा रहा है। फिलहाल हादसे के कारणों का पता नहीं चल पाया है।

मौके पर पहुंचे रेलवे अधिकारी

रेलवे और स्थानीय प्रशासन स्थिति का जायजा ले रहे हैं। साथ ही दुर्घटना से प्रभावित यात्रियों की मदद के लिए इंतजाम कर रहे हैं। टीमें क्षतिग्रस्त रेलवे सेक्शन को साफ करने और ट्रेनों की आवाजाही बहाल करने के काम में जुटी हैं। पटरी से उतरने की इस घटना के कारण इस रूट पर सेवाएं बाधित हो सकती हैं। हालांकि अभी यह स्पष्ट नहीं है कि असर कितना व्यापक होगा।

दुर्घटना के पीछे का कारण अभी साफ नहीं है। रेलवे प्रशासन इस बात का पता लगाने के लिए डिटेल्स जांच करेगा कि आखिर इंजन और छह डिब्बे पटरी से कैसे उतर गए। कोलकाता-सैरंग एक्सप्रेस, मिजोरम और पूर्वी भारत के बीच एक महत्वपूर्ण रेल संपर्क है। यह सेवा मिजोरम के लिए रेल कनेक्टिविटी को बेहतर बनाती है और राज्य को पूर्वोत्तर के बाहर के प्रमुख स्थानों से जोड़ती है।

ये भी पढ़ें- Jensen Huang: व्हिस्की डेट्स से लेकर अरबों के डील तक... ऐसे Nvidia CEO जेनसन हुआंग के करीब पहुंचीं चीनी महिला एलिस, जासूसी से अमेरिका में मचा हड़कंप!

हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।