'नशे के बिना वह चिड़चिड़ी हो जाती थी'; ड्रग्स एडिक्ट या हैरेसमेंट... आखिर ट्विशा शर्मा की कैसे हुई मौत? सास का सनसनीखेज दावा

Twisha Sharma death case: नोएडा की 33 वर्षीय मॉडल ट्विशा शर्मा की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत का रहस्य और गहरा गया है। ट्विशा 12 मई को भोपाल के कटारा हिल्स इलाके में अपने ससुराल में मृत पाई गई थीं। ट्विशा की मौत से पहले उनकी अपनी मां और एक दोस्त के साथ हुई कई WhatsApp चैट सामने आई हैं

अपडेटेड May 19, 2026 पर 9:38 AM
Story continues below Advertisement
Twisha Sharma death case: पूर्व जज ने बहू ट्विशा शर्मा के नशे का आदि होने का दावा किया है

Twisha Sharma death case: मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में 33 वर्षीय मॉडल और अभिनेत्री ट्विशा शर्मा की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले ने एक नाटकीय मोड़ ले लिया है। ससुराल की तरफ से शर्मा के वकील पति के लिए दायर जमानत याचिका में दावा किया गया कि उसे नशे की लत थी। उसका मनोरोग का इलाज हो रहा था। रिटायर्ड जज सास गिरिबाला सिंह ने भोपाल कोर्ट में बताया कि ट्विशा ड्रग एडिक्टेड थी। उन्होंने दावा किया कि जब उसे नशा नहीं मिलता था तो उसके हाथ कांपने लगते थे।

इस बीच, एक स्थानीय अदालत ने फरार पति समर्थ सिंह की अग्रिम जमानत याचिका खारिज कर दी। इससे पहले, अदालत ने पीड़िता ट्विशा की सास एवं रिटायर्ड जज गिरिबाला सिंह को अग्रिम जमानत दे दी थी। पुलिस के अनुसार, 2024 में एक डेटिंग ऐप के जरिए ट्विशा शर्मा की मुलाकात भोपाल के वकील समर्थ सिंह से हुई थी, जिसके बाद दोनों ने दिसंबर 2025 में शादी कर लिया था। अधिकारी ने बताया कि 12 मई को उत्तर प्रदेश के नोएडा की रहने वाली ट्विशा शर्मा का शव कटारा हिल्स इलाके स्थित पति के घर में फंदे से लटका मिला

पति ने क्या कहा?


अदालत में सुनवाई के दौरान आरोपी पति समर्थ सिंह के वकील ने ट्विशा की मानसिक स्थिति और दवाइयों पर सवाल उठाए। वहीं मरने वाली महिला के परिवार के वकील ने सबूतों से छेड़छाड़ की आशंका जताते हुए जमानत का कड़ा विरोध किया। अदालत के फैसले के बाद ट्विशा के पिता नवनिधि शर्मा ने पीटीआई से बातचीत में कहा कि अग्रिम जमानत खारिज होना हमारी जीत नहीं है। उन्होंने कहा, "दोनों को सजा हो तब हमारी जीत होगी।"

नवनिधि शर्मा ने समर्थ सिंह और उनकी मां गिरिबाला सिंह को तत्काल गिरफ्तार करने की मांग करते हुए कहा कि यदि ऐसा नहीं हुआ तो वे पैसे और पावर का इस्तेमाल कर हाई कोर्ट से जमानत ले आएंगे। ट्विशा के परिवार का दावा है कि दहेज उत्पीड़न के कारण उसकी हत्या की गई है। हालांकि मामले की जांच के लिए एक विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया है।

फरार पति की तलाश जारी

एसआईटी का नेतृत्व कर रहे मिसरोद सहायक पुलिस आयुक्त (एसीपी) रजनीश कश्यप ने कहा कि समर्थ सिंह का पता लगाने के प्रयास जारी हैं। कश्यप ने कहा कि एम्स भोपाल से मिली प्रारंभिक पोस्टमार्टम रिपोर्ट में फांसी लगाकर आत्महत्या करने के कारण मौत होने का संकेत मिलता है। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम के दौरान फांसी पर लटकने में कथित तौर पर इस्तेमाल की गई रस्सी को एम्स नहीं भेजने में लापरवाही पाई गई है। इस मामले में जांच अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

कश्यप ने पीटीआई से कहा, "जमानत याचिका में ट्विशा के नशे की लत होने के आरोपों का जिक्र किया गया है, लेकिन हम प्राथमिकी की धाराओं के अनुसार मामले की सख्ती से जांच कर रहे हैं।" गिरिबाला सिंह द्वारा जिला अदालत में अपने बेटे के लिए दायर जमानत याचिका में आरोप लगाया गया, "ट्विशा नशीले पदार्थों की आदी थी और जब उसके पास नशीले पदार्थों तक पहुंच नहीं होती थी तो वह चिड़चिड़ी हो जाती थी और उसके हाथ पांव कांपने लगते थे।"

गर्भपात होने का दावा

याचिका में यह भी दावा किया गया है कि ट्विशा का मनोरोग इलाज चल रहा था। याचिका में कहा गया है कि ट्विशा ने 17 अप्रैल को विमान से दिल्ली की यात्रा की थी और अगले दिन अपने माता-पिता के घर पहुंचने से पहले करीब 12 घंटे तक उसका कोई पता नहीं था। याचिका में यह भी दावा किया गया है कि गर्भवती होने के बाद उसके ससुराल वालों के प्रति उसका व्यवहार बदल गया। इसमें यह भी कहा गया कि घटना के दिन उसका पति उसे ब्यूटी सैलून में ले गया था।

याचिका में ट्विशा के गर्भपात का भी दावा किया गया है। समर्थ सिंह की अग्रिम जमानत के लिए दायर इस याचिका की कॉपी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। सास ने जमानत याचिका में दहेज उत्पीड़न के आरोपों से इनकार करते हुए दावा किया कि ट्विशा को उसकी जरूरतों के लिए नियमित रूप से ऑनलाइन पैसे दिए जाते थे। याचिका में कथित तौर पर सहायक दस्तावेजों के रूप में 5,000 रुपये से 50,000 रुपये तक की लेनदेन रसीदें भी शामिल की गई हैं।

दहेज उत्पीड़न की जांच जारी

अधिकारियों के अनुसार, एसआईटी शर्मा की मौत के बाद दहेज उत्पीड़न, शारीरिक हमले और सबूत नष्ट करने के कथित प्रयासों से संबंधित आरोपों की जांच करेगी। रविवार को पीड़ित ट्विशा शर्मा के परिवार ने मुख्यमंत्री मोहन यादव के आवास के बाहर प्रदर्शन किया और एम्स दिल्ली में दोबारा पोस्टमार्टम की मांग की।

ये भी पढ़ें- Twisha Sharma Case: कौन थीं ट्विशा शर्मा? पूर्व जज के खिलाफ दहेज हत्या का केस, नोएडा से भोपाल तक रोंगटे खड़े कर देने वाले खुलासे

ट्विशा के पिता नवनिधि शर्मा ने स्थानीय जांच पर सवाल खड़े करते हुए इसकी जांच में हस्तांतरित करने की भी मांग की है। पीड़िता के रिश्तेदारों के अनुसार, वह भोपाल छोड़कर नोएडा लौटना चाहती थी और घटना के दिन रात करीब 10 बजे तक उनके संपर्क में रही। ट्विशा की मौत से पहले उनकी अपनी मां और एक दोस्त के साथ हुई कई WhatsApp चैट सामने आई हैं।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।