उत्तर प्रदेश विधान परिषद की 11 सीटों के लिए हुए चुनाव के नतीजे अब पूरी तरह साफ हो चुके हैं। इस चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (BJP) और समाजवादी पार्टी (SP) के बीच सीधी टक्कर देखने को मिली। इसमें भाजपा ने 6 सीटों पर जीत दर्ज की है जबकि समाजवादी पार्टी 5 सीटों पर अपनी जीत दर्ज करने में सफल रही है। इन 11 सीटों के लिए 23 अक्टूबर को मतदान हुआ था और मंगलवार से मतों की गिनती शुरू हुई थी। आगामी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से ठीक पहले हुए इस विधान परिषद चुनाव को दोनों प्रमुख राजनीतिक दलों के बीच प्रतिष्ठा की बड़ी लड़ाई के रूप में देखा जा रहा था।
