Get App

'जूतों से पीटना चाहिए...'; चीफ गेस्ट नहीं बनाने पर आग बबूला हुए SP सांसद सनातन पांडे, अधिकारियों को दी सरेआम धमकी

Sanatan Pandey: उत्तर प्रदेश के बलिया से समाजवादी पार्टी (SP) के सांसद सनातन पांडे रेलवे के एक कार्यक्रम में चीफ गेस्ट नहीं बनाए जाने पर आग बबूला हो गए। उन्होंने अधिकारियों पर अपना काम न करने का आरोप लगाते हुए कहा कि उन्हें जूतों से पीटा जाना चाहिए। इतना ही नहीं सनातन पांडेय ने यूपी के मंत्री को भी खुली धमकी दी। इसका वीडियो वायरल है

Akhilesh Nath Tripathiअपडेटेड Jan 17, 2026 पर 5:30 PM
'जूतों से पीटना चाहिए...'; चीफ गेस्ट नहीं बनाने पर आग बबूला हुए SP सांसद सनातन पांडे, अधिकारियों को दी सरेआम धमकी
Sanatan Pandey: बलिया से सपा सांसद सनातन पांडे ने कहा कि जो अधिकारी काम नही करेगा वह जूता खाएगा

UP News: उत्तर प्रदेश के बलिया से समाजवादी पार्टी (SP) के सांसद सनातन पांडे ने रेलवे के एक कार्यक्रम में चीफ गेस्ट नहीं बनाए जाने पर भारी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने अधिकारियों पर अपना काम न करने का आरोप लगाते हुए कहा कि उन्हें जूतों से पीटा जाना चाहिए। इतना ही नहीं सनातन पांडेय ने अधिकारियों के साथ यूपी के मंत्री को भी खुली धमकी देते हुए कथित तौर पर कहा कि मन करता है उनको मंच से नीचे फेंक दूं। इसके बाद कहा कि जो अधिकारी काम नही करेगा वह जूता खाएगा।

बलिया जिले के फेफना रेलवे स्टेशन पर शुक्रवार (16 जनवरी) को एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें उत्तर प्रदेश के आयुष राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दयाशंकर मिश्रा दयालु चीफ गेस्ट थे। हालांकि, बलिया के प्रभारी मंत्री मिश्रा ने कुछ जरूरी परिस्थितियों का हवाला देते हुए अपना कार्यक्रम रद्द कर दिया।

इसके बाद बलिया के सांसद पांडे ने शुक्रवार रात फेफना क्षेत्र के बाघेजी गांव में एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि अगर केंद्र सरकार किसी भी राज्य में कोई परियोजना शुरू करती है। तो उस क्षेत्र का सांसद ही चीफ गेस्ट होता है, चाहें वह विपक्षी दल का ही क्यों न हो। उन्होंने कहा, "आज इस सरकार ने एक बार फिर अपना असली रंग दिखा दिया है।"

उन्होंने आगे कहा, "मेरा मन करता है कि मैं उस कार्यक्रम में जाऊं और कुर्सी (मंत्री वाली) उठाकर फेंक दूं। लोग कहते हैं कि मैं हमेशा झगड़े मोल लेता हूं।" पांडे ने कहा, "अधिकारी काम नहीं करेंगे तो जूता नहीं खाएंगे? करो मुकदमा, जितना करना हो, मैं झेलने के लिए तैयार हूं। लेकिन मैं सरकार और उसके नुमाइंदों के सामने झुकने को तैयार नहीं हूं।"

सब समाचार

+ और भी पढ़ें