Credit Cards

अब यूपी के लोगों को इलाज के लिए दिल्ली में नहीं भटकना होगा! राष्ट्रपति मुर्मू ने 'यशोदा मेडिसिटी' का किया उद्घाटन

Yashoda Medicity: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को कहा कि अब यूपी के लोगों को इलाज के लिए दिल्ली में नहीं भटकना पड़ेगा। गाजियाबाद में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू द्वारा निजी अस्पताल 'यशोदा मेडिसिटी' के लोकार्पण किए जाने के बाद सीएम योगी ने कहा कि उत्तर प्रदेश अब स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को छू रहा है

अपडेटेड Oct 26, 2025 पर 6:02 PM
Story continues below Advertisement
Yashoda Medicity: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने रविवार (26 अक्टूबर) को इंदिरापुरम में निजी अस्पताल 'यशोदा मेडिसिटी' का उद्घाटन किया

Yashoda Medicity: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने रविवार (26 अक्टूबर) को गाजियाबाद के इंदिरापुरम में एक निजी अस्पताल 'यशोदा मेडिसिटी' का उद्घाटन किया। इसके बाद वहां मौजूद जनसमूह को संबोधित करते हुए राष्ट्रपति ने कहा कि स्वास्थ्य सेवा के क्षेत्र में सेवा देकर डॉक्टर पेशे से जुड़े लोग राष्ट्र की भी सेवा कर रहे हैं। इस कार्यक्रम में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और केंद्रीय स्वास्थ्य राज्य मंत्री अनुप्रिया पटेल भी उपस्थित रहीं। राष्ट्र निर्माण में स्वास्थ्य सेवा की भूमिका पर जोर देते हुए राष्ट्रपति ने कहा, ‘‘स्वास्थ्य सेवा राष्ट्रीय विकास का एक अभिन्न अंग है।’’

राष्ट्रपति ने कहा कि आर्थिक रूप से कमजोर लोग भी देश के विकास में योगदान देते हैं। इसलिए उनका जीवन भी अनमोल है और उन्हें भी पूर्ण सहयोग और स्वास्थ्य सेवा तक पहुंच मिलनी चाहिए। उन्होंने कहा कि 'सिस्टम फॉर टीबी एलिमिनेशन इन प्राइवेट सेक्टर' (स्टेप्स) के तहत उत्तर भारत का पहला केंद्र 'यशोदा मेडिसिटी' को बनाया गया है।

मुर्मू ने कहा कि अस्पताल का नाम अपनी माता यशोदा जी के नाम पर रखना भारतीय संस्कारों और स्वदेशी की भावना का उदाहरण है। उन्‍होंने उम्‍मीद जताई कि स्वदेशी की भावना के साथ डॉक्टर रिसर्च पर विशेष बल देकर 'यशोदा मेडिसिटी' अस्पताल द्वारा स्वास्थ्य सेवाओं के लिए प्रभावी प्रयास किए जाएंगे।

राष्‍ट्रपति ने कहा कि इस संस्था में कैंसर इलाज की आधुनिकतम सुविधाएं मिलेंगी। राष्ट्रपति मुर्मू ने अस्पताल का दौरा भी किया। मुर्मू ने कहा कि उन्होंने पहली बार इतना अत्याधुनिक अस्पताल देखा है, जहां एक ही छत के नीचे सभी तरह की जांच और इलाज की सुविधाएं उपलब्ध हैं। इससे मरीजों का कीमती समय बचेगा।

उन्होंने कहा कि भारत तेजी से विकास की ओर अग्रसर है और यह तभी संभव है जब देश का हर नागरिक स्वस्थ हो। ‘यशोदा मेडिसिटी’ के चेयरमैन डॉ. पी.एन. अरोड़ा ने इस मौके पर अतिथियों का स्वागत किया। डॉ. अरोड़ा ने पत्रकारों को बताया था कि यशोदा मेडिसिटी अत्याधुनिक तकनीक, अनुभवी डॉक्टरों और स्टाफ से सुसज्जित है।

सीएम योगी ने यूपीवासियों को दी बधाई


इस दौरान उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि अब राज्य के लोगों को इलाज के लिए दिल्ली में नहीं भटकना पड़ेगा। गाजियाबाद में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू द्वारा निजी अस्पताल 'यशोदा मेडिसिटी' के लोकार्पण किए जाने के बाद आयोजित समारोह को संबोधित करते हुए सीएम योगी ने कहा कि उत्तर प्रदेश अब स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में नयी ऊंचाइयों को छू रहा है। स्वास्थ्य क्षेत्र में निवेश, इनोवेशन और गुणवत्तापूर्ण सुविधाओं की दिशा में राज्य तेजी से आगे बढ़ रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि गाजियाबाद में स्थापित 'यशोदा मेडिसिटी' इसका सशक्त उदाहरण है और यह केवल एक अस्पताल नहीं। बल्कि स्वास्थ्य के क्षेत्र में विश्वस्तरीय इंफ्रास्ट्रक्चर की एक नई परिभाषा है। उन्होंने कहा कि इस संस्थान के माध्यम से न केवल राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र, बल्कि पूरे उत्तर प्रदेश के नागरिकों को अत्याधुनिक मेडिकल सुविधाएं एक ही छत के नीचे प्राप्त होंगी।

सीएम योगी ने कहा कि प्रदेश के लोगों को अब दिल्ली में महंगे इलाज के लिए भटकने की जरूरत नहीं, क्योंकि गाजियाबाद में ही विश्व स्तरीय स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध हो गई है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2022 में जब उत्तर प्रदेश में तृतीय ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी आयोजित हुई थी। उस समय डॉक्टर पीएन अरोड़ा ने इन्वेस्ट यूपी के साथ एमओयू किया था कि गाजियाबाद में अत्याधुनिक अस्पताल का निर्माण करेंगे। इसमें सभी प्रकार की सुपर स्पेशलिटी सुविधाएं होंगी। विशेष रूप से कैंसर की अत्याधुनिक सुविधा भी, जिसके लिए पहले लोगों को विदेश जाना पड़ता था।

मुख्यमंत्री ने कहा कि तब यह विश्वास नहीं होता था कि इतनी जल्दी यह संभव होगा। लेकिन डॉक्टर पी.एन. अरोड़ा, डॉक्टर उपासना अरोड़ा और उनकी पूरी टीम ने मात्र तीन वर्षों में इसे साकार कर दिखाया। सीएम योगी ने कहा कि यह निवेश भी है और 5000 से अधिक लोगों के लिए रोजगार का माध्यम भी है।

ये भी पढ़ें- Bihar Chunav 2025: 'महागठबंधन आया तो वक्फ कानून कूड़ेदान में फेंक देंगे'; तेजस्वी यादव का बड़ा वादा

सीएम योगी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में स्वास्थ्य सेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल करने की चर्चा करते हुए कहा कि राज्य में अब तक 42 नए मेडिकल कॉलेज स्थापित किए जा चुके हैं। जबकि दो एम्स (गोरखपुर और रायबरेली) सफलतापूर्वक संचालित हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि 'डबल इंजन' सरकार का लक्ष्य है कि हर नागरिक को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधा मिले।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।