यूपी में SIR के बाद BJP के लिए सबसे मजबूत जिलों में ही कट गए सबसे ज्यादा वोट! 45 सीटों का ये आंकड़ा दिलचस्प

UP SIR Voter List: उससे भी चौंकाने वाले SIR के आंकड़े तो यूपी सरकार के 40 मंत्रियों की सीटों से आए हैं। कई जगहों पर हटाए गए वोटर्स की संख्या, 2022 के चुनाव में उनकी जीत के अंतर से 2 से 10 गुना ज्यादा बताई जा रही है और ये सिर्फ शहरों में नहीं, बल्कि गांवों में भी देखा जा रहा है

अपडेटेड Apr 11, 2026 पर 1:51 PM
Story continues below Advertisement
UP SIR के बाद BJP के लिए सबसे मजबूत जिलों में ही कट गए सबसे ज्यादा वोट (FILE PHOTO)

चुनाव आयोग की ओर से शुक्रवार को उत्तर प्रदेश में जारी 'विशेष गहन पुनरीक्षण' (SIR) की फाइल लिस्ट ने राज्य सरकार और भारतीय जनता पार्टी के लिए चिंताएं बढ़ा दी हैं। UP में SIR से 5 जिलों में सबसे ज्यादा वोटरों के नाम काटे गए। बड़ी बात यह है कि इन पांच जिलों में विधानसभा की कुल 45 सीटें हैं, जिनमें 36 BJP और उसके सहयोगी दलों के पास हैं। SIR में सबसे ज्यादा लखनऊ, प्रयागराज, कानपुर, आगरा और गाजियाबाद में सबसे ज्यादा वोट काटे गए हैं।

उससे भी चौंकाने वाले SIR के आंकड़े तो यूपी सरकार के 40 मंत्रियों की सीटों से आए हैं। कई जगहों पर हटाए गए वोटर्स की संख्या, 2022 के चुनाव में उनकी जीत के अंतर से 2 से 10 गुना ज्यादा बताई जा रही है और ये सिर्फ शहरों में नहीं, बल्कि गांवों में भी देखा जा रहा है।

डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक की लखनऊ कैंट सीट से करीब 1.25 लाख वोटर्स के नाम हटाए गए, जबकि उन्होंने पिछला चुनाव सिर्फ करीब 39,000 वोटों से जीता था। इसी तरह, राज्य वित्त मंत्री सुरेश खन्ना की शाहजहांपुर सीट पर लगभग 1 लाख नाम काटे गए, जबकि उनकी जीत का अंतर सिर्फ 9,313 वोट था।


किन जिलों में कटे सबसे ज्यादा वोट?

  • लखनऊ: 9,14,185 (22.89%) वोट कटे
  • प्रयागराज: 8,26,885 (17.6%) वोट कट
  • कानपुर: 687201 (19.42%) वोट कट
  • आगरा: 637653 (17.71%) वोट कटे
  • गाजियाबाद: 574478 (20.24%) वोट कटे

वहीं अगर दलवार और जिलेवार सीटों की ताजा संख्या पर नजर डालें, तो BJP और NDA के लिए एक झटका नजर आता है।

लखनऊ जिले में 9 विधानसभा सीटें हैं, जिनमें से 7 सीट- मलिहाबाद, बख्शी का तालाब, सरोजिनी नगर, लखनऊ उत्तर, लखनऊ पूर्व, लखनऊ कैंट और मोहनलालगंज, बीजेपी या NDA के दूसरे घटक दलों के पास हैं।

प्रयाराज में 12 विधानसभा सीट हैं, जिनमें से 8- फाफामऊ, फूलपुर, करछना, इलाहाबाद पश्चिम, इलाहाबाद उत्तर, इलाहाबाद दक्षिण, बारा और कोरांव, BJP और NDA के पास हैं।

कानपुर नगर की 10 सीटों में 7 विधानसभा सीटों पर BJP-NDA का कब्जा है, जिनमें बिल्हौर, बिठूर, कल्याणपुर, गोविंद नगर, किदवई नगर, महाराजपुर और घाटमपुर।

BJP के नेतृत्व वाले NDA गठबंधन के पास इस समय आगरा जिले की सभी 9 सीटें हैं: एत्मादपुर, आगरा कैंट, आगरा दक्षिण, आगरा उत्तर, आगरा ग्रामीण, फतेहपुर सीकरी, खेरागढ़, फतेहाबाद और बाह।

इसी तरह गाजियाबाद की सभी 5 सीटें भी BJP के पास हैं: लोनी, मुरादनगर, साहिबाबाद, गाजियाबाद सिटी और मोदीनगर।

ग्रामीण इलाकों में भी काटे गए काफी नाम

उत्तर प्रदेश में चुनाव आयोग की तरफ से SIR के दौरान शुरू में यह माना जा रहा था कि ज्यादा नाम शहरों में कटेंगे। वजह ये थी कि गांव से शहर में रहने वाले कई लोग अपना नाम फिर से गांव की वोटर लिस्ट में जुड़वा रहे हैं। लेकिन जब फाइनल आंकड़े आए, तो तस्वीर थोड़ी अलग निकली। पता चला कि गांवों (ग्रामीण सीटों) में भी बड़ी संख्या में वोटर्स के नाम हटाए गए हैं।

SIR पूरा होने के बाद, 9 राज्यों और 3 केंद्र शासित प्रदेशों की फाइनल वोटर लिस्ट में बड़ी कटौती देखी गई है। नए आंकड़ों के मुताबिक, कुल मिलाकर लगभग 6.08 करोड़ वोटर्स के नाम लिस्ट से हट गए हैं।

SIR के दूसरे चरण में UP से कटे सबसे ज्यादा वोट

अब उत्तर प्रदेश की फाइनल वोटर लिस्ट जारी होने के साथ ही SIR का दूसरा चरण पूरा हो गया है। इसके तहत उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु, राजस्थान, छत्तीसगढ़, केरल, पुडुचेरी, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, लक्षद्वीप, गुजरात, मध्य प्रदेश और गोवा की फाइनल वोटर लिस्ट जारी कर दी गई हैं।

दूसरे चरण वाले राज्यों में, उत्तर प्रदेश में सबसे ज्यादा नाम हटाए गए हैं (2.04 करोड़), उसके बाद पश्चिम बंगाल का नंबर आता है, जहां यह पूरी प्रक्रिया विवादों के बीच पूरी हुई और लगभग 91 लाख नाम हटाए गए।

UP SIR: यूपी में बढ़े 84 लाख वोटर, फाइनल लिस्ट में भी नहीं है नाम, तो ये फॉर्म भरकर जुड़वाएं नाम

 

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।