UP Weather Alert: बंगाल की खाड़ी में उठे चक्रवाती तूफान से बढ़ेगी चिंता, यूपी में फिर बदलेगा मौसम, भारी बारिश का अलर्ट

UP Weather Alert: बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव के क्षेत्र के चक्रवाती तूफान में बदलने की आशंका है। इसके असर से यूपी में 28 अक्टूबर से बेमौसम बारिश का दौर शुरू हो सकता है। पूर्वी यूपी में बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं की संभावना है

अपडेटेड Oct 23, 2026 पर 8:16 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
IMD Weather Update: मौसम विभाग के मुताबिक, बंगाल की खाड़ी में बना कम दबाव का क्षेत्र धीरे-धीरे मजबूत हो रहा है

देश के कई हिस्सो में मौसम का मिजाज बदलने वाला है। बंगाल की खाड़ी में बना कम दबाव का क्षेत्र अगले कुछ दिनों में चक्रवाती तूफान बन सकता है। इस दबाव की वजह से उत्तर प्रदेश के मौसम में एक बार फिर बदलाव होने की संभावना है। मौसम विभाग के जारी बुलेटिन के मुताबिक, बंगाल की खाड़ी में बना कम दबाव का क्षेत्र के चक्रवाती तूफान में बदलने की आशंका है। इसके असर से प्रदेश में 28 अक्टूबर से बेमौसम बारिश का नया दौर शुरू हो सकता है। खासकर पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में बारिश, गरज-चमक और तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है। वहीं, पश्चिमी उत्तर प्रदेश में ज्यादातर दिनों तक मौसम शुष्क रहने का अनुमान है।

बंगाल की खाड़ी में मजबूत हो रहा मौसमी सिस्टम

मौसम विभाग के मुताबिक, बंगाल की खाड़ी में बना कम दबाव का क्षेत्र धीरे-धीरे मजबूत हो रहा है। आईएमडी के मुताबिक, 24 अक्टूबर तक यह दबाव वाला क्षेत्र और मजबूत होगा, जबकि 25 अक्टूबर तक यह गहरे दबाव में बदल सकता है। अनुमान है कि 26 अक्टूबर की सुबह तक यह चक्रवाती तूफान बन सकता है। इसके बाद तूफान की ताकत और बढ़ सकती है और यह उत्तरी आंध्र प्रदेश व दक्षिणी ओडिशा के तटीय इलाकों की ओर बढ़ सकता है। इस मौसमी सिस्टम का असर 28 अक्टूबर से उत्तर प्रदेश में भी पड़ने की आशंका है। इसके चलते अक्टूबर के आखिरी दिनों में राज्य के कुछ हिस्सों में बेमौसम बारिश हो सकती है।


कैसा होगा यूपी का मौसम

मौसम विभाग के अनुसार, 23 से 27 अक्टूबर तक उत्तर प्रदेश के ज्यादातर इलाकों में मौसम साफ और शुष्क रह सकता है। वहीं, 24 अक्टूबर को पश्चिमी यूपी के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश और गरज-चमक होने की संभावना है। इसके बाद 28 अक्टूबर से पूर्वी उत्तर प्रदेश में मौसम बदल सकता है। इस दिन कुछ जगहों पर बारिश और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। वहीं, 29 अक्टूबर को पूर्वी यूपी के कुछ इलाकों में बारिश के साथ भारी बारिश होने की भी आशंका है। दूसरी ओर, पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 28 और 29 अक्टूबर को मौसम शुष्क रहने का अनुमान है।

इन जगहों पर होगी तेज बारिश

मौसम विभाग के मुताबिक, 28 अक्टूबर को सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी, गाजीपुर और बलिया समेत आसपास के इलाकों में गरज-चमक के साथ 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। वहीं, 29 अक्टूबर को इन जिलों के कुछ हिस्सों में भारी बारिश होने की आशंका है। इसके अलावा, बांदा, प्रयागराज, गोरखपुर, अयोध्या, जौनपुर, आजमगढ़ समेत कई जिलों में भी गरज-चमक के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना जताई गई है।

लोगों को सतर्क रहने की जरूरत

मौसम विभाग के मुताबिक, 23 से 27 अक्टूबर तक उत्तर प्रदेश के दोनों हिस्सों में किसी तरह की मौसम संबंधी चेतावनी नहीं है। हालांकि, 28 अक्टूबर से पूर्वी यूपी में मौसम बदल सकता है। कुछ जगहों पर गरज-चमक के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। वहीं, 29 अक्टूबर को कुछ इलाकों में भारी बारिश और तेज हवाएं चल सकती हैं। बंगाल की खाड़ी में बन रहे चक्रवाती सिस्टम का असर अक्टूबर के आखिरी दिनों में प्रदेश के मौसम पर पड़ने की आशंका है। ऐसे में लोगों को सलाह दी जाती है कि वे मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान और चेतावनियों पर नजर बनाए रखें।

 

हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।