गर्लफ्रेंड से नाराजगी...नशे में धुत युवक ने वंदे भारत एक्सप्रेस पर फेंके पत्थर, खुद का वीडियो किया रिकॉर्ड

सूचना मिलते ही रेलवे सुरक्षा बल (RPF) और रेलवे पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। जांच के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। फिलहाल पुलिस इस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है। रेलवे अधिकारियों का कहना है कि यात्रियों की सुरक्षा सबसे बड़ी प्राथमिकता है और इस तरह की हरकतों को बिल्कुल बर्दाश्त नहीं किया जाएगा

अपडेटेड Mar 14, 2026 पर 3:01 PM
Story continues below Advertisement
महाराष्ट्र के ठाणे जिले में शुक्रवार को एक हैरान करने वाली घटना सामने आई।

महाराष्ट्र के ठाणे जिले में शुक्रवार को एक हैरान करने वाली घटना सामने आई। यहां ठाकुरली रेलवे स्टेशन के पास मुंबई–साईनगर शिरडी वंदे भारत एक्सप्रेस पर पत्थर फेंकने के आरोप में पुलिस ने 23 साल के एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी की पहचान सनी कांबले के रूप में हुई है, जो पुणे का रहने वाला है। बताया जा रहा है कि वह नशे का आदी है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, वह इस बात से नाराज था कि उसकी गर्लफ्रेंड उससे बात करने से मना कर रही थी। इसी गुस्से में उसने ट्रेन पर पत्थर फेंक दिया।

वंदे भारत ट्रेन पर फेंका था पत्थर

अधिकारियों के अनुसार इस घटना में किसी यात्री को गंभीर चोट नहीं लगी, लेकिन वंदे भारत एक्सप्रेस की एक खिड़की को काफी नुकसान पहुंचा। पत्थर लगने से खिड़की का कांच टूट गया और उसके टुकड़े कुछ यात्रियों को लगे, जिससे कोच के अंदर अफरा-तफरी मच गई। बताया गया कि पत्थर फेंकने के बाद आरोपी ट्रेन के पास सेल्फी ले रहा था। ट्रेन में मौजूद कुछ यात्रियों ने उसे ऐसा करते हुए देख लिया। इसके बाद उन्होंने तुरंत सेंट्रल रेलवे के कंट्रोल रूम को इस घटना की जानकारी दी।


रेलवे पुलिस ने लिया एक्शन

सूचना मिलते ही रेलवे सुरक्षा बल (RPF) और रेलवे पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। जांच के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। फिलहाल पुलिस इस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है। रेलवे अधिकारियों का कहना है कि यात्रियों की सुरक्षा सबसे बड़ी प्राथमिकता है और इस तरह की हरकतों को बिल्कुल बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अधिकारियों के मुताबिक, घटना के बाद पुलिस और रेलवे सुरक्षा बल ने पटरीपुल और ठाकुरली स्टेशन के बीच रेलवे ट्रैक के किनारे तलाशी अभियान चलाया।

युवक ने कबूल किया अपना ड्रीम 

काफी देर तक तलाश करने के बाद पुलिस ने आरोपी सनी कांबले को पास की एक इमारत से पकड़ लिया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जैसे ही कांबले ने पुलिस को देखा, वह वहां से भागने की कोशिश करने लगा। हालांकि पुलिस टीम ने तुरंत उसे पकड़ लिया और हिरासत में ले लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। उसने पुलिस को बताया कि उसे गांजा पीने की लत है। अधिकारियों के अनुसार, आरोपी की हरकत से यात्रियों की सुरक्षा खतरे में पड़ सकती थी, इसलिए उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की गई है।

पुलिस ने सनी कांबले के खिलाफ रेलवे अधिनियम की धारा 153 और धारा 147 के तहत मामला दर्ज किया है। धारा 153 के तहत किसी ऐसे काम को अपराध माना जाता है जिससे रेल यात्रा कर रहे लोगों की सुरक्षा को खतरा हो। वहीं धारा 147 बिना अनुमति रेलवे परिसर में प्रवेश करने से जुड़ी है। फिलहाल आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है और वह कल्याण की आधारवाड़ी जेल में बंद है।

पुलिस अब इस बात की भी जांच कर रही है कि क्या सनी कांबले हाल ही में ठाकुरली के पास हुई एक और घटना में शामिल था या नहीं। उस मामले में सिंहगढ़ एक्सप्रेस में सफर कर रहे एक यात्री का कीमती मोबाइल फोन चोरी हो गया था। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि कहीं इस चोरी की घटना में भी कांबले का हाथ तो नहीं था।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।