भारत में अमेरिका के राजदूत सर्जियो गोर ने सोशल मीडिया पर जानकारी दी कि अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से फोन पर बातचीत की है। इस ट्वीट के सामने आते ही भारत-अमेरिका रिश्तों को लेकर चर्चाएं तेज हो गईं। हालांकि, बातचीत के विषयों को लेकर फिलहाल कोई आधिकारिक जानकारी साझा नहीं की गई है। माना जा रहा है कि इस बातचीत में अमेरिका-भारत ट्रेड डील पर पर चर्चा हुई होगी। बता दें कि, सर्जियो गोर भारत में अमेरिकी राजदूत और दक्षिण और मध्य एशिया के विशेष दूत हैं।
ट्रंप ने किया ये खास पोस्ट
खास बात ये भी है कि डोनाल्ड ट्रंप ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ पर इंडिया गेट की तस्वीर शेयर की है। साथ ही उन्होंने वॉशिंगटन डीसी में दुनिया का सबसे बड़ा और सबसे महान ट्रायम्फल आर्च (विजय द्वार) बनाने की अपनी योजना को फिर से दोहराया है। ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर लिखा, भारत का खूबसूरत ट्रायम्फल आर्च, इंडिया गेट हमारा सबसे महान होगा। प्रधानमंत्री मोदी और राष्ट्रपति ट्रंप के बीच आखिरी बार पर फोन पर बीते साल 10 दिसंबर को बातचीत हुई थी। इस दौरान टैरिफ को लेकर चर्चा की गई थी। वहीं दोनों नेताओं के बीच ये इस साल की पहली बातचीत है।
ट्रेड डील के करीब हैं भारत-अमेरिका
बता दें कि, प्रधानमंत्री मोदी और राष्ट्रपति ट्रंप के बीच यह फोन कॉल ऐसे समय में हुई है जब भारत और अमेरिका एक ऐतिहासिक ट्रेड डील के बेहद करीब बताए जा रहे हैं।अमेरिकी ने पिछले साल रूस के भारत द्वारा तेल खरीद को लेकर टैरिफ लगा दिए थे। जिसके बाद दोनों देशों के बीच तनाव आ गया था। हालांकि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इससे पहले पीएम मोदी से बीते साल अक्तूबर और फिर दिसंबर में बातचीत की थी। ट्रंप ने पीएम मोदी को फोन कर उन्हें दिवाली की शुभकामनाएं दी थीं। वहीं हाल ही में ट्रंप ने भारत को गणतंत्र दिवस के मौके पर बधाई दी थी।