उत्तर प्रदेश में घरों की छतें अब बिजली उत्पादन का नया ठिकाना बन रही हैं। प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत राज्य में 9 लाख से अधिक घरों में रूफटॉप सोलर प्लांट लगाए जा चुके हैं। इस उपलब्धि के साथ उत्तर प्रदेश घरेलू रूफटॉप सोलर इंस्टॉलेशन के मामले में देश में पहले स्थान पर पहुंच गया है। पीटीआई की रिपोर्ट के मुताबिक इन सोलर प्लांट से राज्य में 3000 मेगावाट से अधिक बिजली उत्पादन क्षमता जुड़ी है। इससे हर दिन करीब 1.35 करोड़ यूनिट बिजली पैदा करने की क्षमता विकसित हुई है।
