उत्तर प्रदेश में गर्मी ने अपने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं और हालात ये हैं कि सूरज अब आग उगल रहा है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के लखनऊ आंचलिक केंद्र ने कल यानी 18 मई 2026 के लिए राज्य के 35 से अधिक जिलों में भीषण लू का अलर्ट जारी किया है। यूपी में गर्मी की हालत इसी बात से समझी जा सकती है कि बुंदेलखंड का बांदा शहर 46.4 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ इस समय पूरे देश का सबसे गर्म स्थान बन गया है। आने वाले दिनों में तपिश और बढ़ने वाली है। इसे देखते हुए मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी कर दिया है।
यूपी के मौजूदा मौसम को देखते हुए कहा जा सकता है कि अगर आप दोपहर में घर के बाहर कदम रख रहे हैं तो सोच समझ कर निकलें। मौसम विभाग की ताजा रिपोर्ट के मुताबिक प्रदेश में गर्मी अब जानलेवा स्तर पर पहुंच रही है। पिछले 2-3 दिनों में तापमान में भारी उछाल आया है और किसी भी मौसमी तंत्र (Weather System) के न होने के कारण आसमान साफ है। इसकी वजह से रेडिएशन हीटिंग बढ़ गई है। आशंका जताई जा रही है कि अगले दो दिनों में पारा 47°C को भी पार कर सकता है।
पूरे देश में सबसे गर्म रहा बांदा
रविवार को जारी आंकड़ों के अनुसार, यूपी का बांदा जिला 46.4 डिग्री सेल्सियस के साथ देश का सबसे गर्म शहर रहा। इसके अलावा कई अन्य जिलों में भी पारा 40 के पार रहा-
राजधानी लखनऊ में भी अधिकतम तापमान 41.6 डिग्री दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.4 डिग्री ज्यादा है। 18 मई को यहां पारा 43 डिग्री के आसपास रहने का अनुमान है।
नोट कर लें ये जिले, जहां 18 मई को बहेगी भीषण लू
मौसम विभाग ने 18 मई की सुबह से 19 मई की सुबह तक के लिए उत्तर प्रदेश के इन जिलों में लू का अलर्ट जारी किया है:
बांदा, चित्रकूट, कौशाम्बी, प्रयागराज, फतेहपुर, प्रतापगढ़, सोनभद्र, मिर्ज़ापुर, चंदौली, वाराणसी, संत रविदास नगर, जौनपुर, गाज़ीपुर, आज़मगढ़, मऊ, बलिया, कन्नौज, कानपुर देहात, कानपुर नगर, उन्नाव, रायबरेली, अमेठी, सुल्तानपुर, आगरा, फ़िरोज़ाबाद, मैनपुरी, इटावा, औरैया, जालौन, हमीरपुर, महोबा, झांसी और ललितपुर। इन क्षेत्रों के साथ-साथ इनके आसपास के इलाकों में भी लू का खासा असर देखने को मिलेगा।
19 से 23 मई तक ऑरेंज अलर्ट
IMD ने चेतावनी दी है कि असली चुनौती तो 19 मई से शुरू होगी। 19 से 23 मई के बीच प्रदेश के दक्षिणी हिस्सों में कुछ जगहों पर भीषण लू चलने की संभावना है। इसी के मद्देनजर मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इसका मतलब है कि लोग गर्मी से बचाव की पूरी तैयारी रखें।
मौसम विभाग के मुताबिक, न सिर्फ दिन का तापमान बढ़ रहा है, बल्कि रात के तापमान (न्यूनतम तापमान) में भी बढ़ोत्तरी दर्ज की जा रही है। इटावा और मेरठ जैसे शहरों में रात का तापमान सामान्य से अधिक रहा है, जिसका मतलब है कि अब लोगों को रातों में भी गर्मी से राहत नहीं मिलने वाली।
जितना हो सके दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे के बीच बाहर न निकलें।
ज्यादा से ज्यादा पानी पिएं और तरल पदार्थों (नींबू पानी, छाछ, लस्सी) का सेवन करें।
बाहर निकलते समय सिर को सूती कपड़े या छाते से ढक कर रखें।