Ahmedabad Plane Crash: आग का गोला बने प्लेन से जिंदा बच निकला एक शख्स, कैसे हुआ ये करिश्मा?

Ahmedabad Plane Crash: अहमदाबाद प्लेन हादसे में जिंदा बचे शख्स की पहचान 40 वर्षीय विश्वास कुमार रमेश के तौर पर हुई है जो एक ब्रिटिश नागरिक हैं। उन्हें अहमदाबाद के असारवा स्थित सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है

अपडेटेड Jun 12, 2025 पर 11:24 PM
Story continues below Advertisement
एयर इंडिया की बोइंग 787-8 ड्रीमलाइनर में 242 लोग सवार थे

Ahmedabad Plane Crash: अहमदाबाद में हुए एयर इंडिया की उड़ान AI171 के दर्दनाक हादसे को लेकर एक चौंकाने वाली खबर आई है। हादसे में सभी 242 यात्रियों के मौत होने की बात कही जा रही थी लेकिन अहमदाबाद के पुलिस कमिश्नर ने दावा किया है कि प्लेन में सवार एक व्यक्ति जिंदा है।  इस हादसे में रमेश विश्वास कुमार नाम के एक ब्रिटिश नागरिक जिंदा बच गए हैं। जानकारी के मुताबिक, प्लेन उड़ने के अंतिम समय में विश्वास कुमार के सीट में बदलाव हुआ जिससे उनकी जान बच गई है।

न्यूज एजेंसी ANI ने पुलिस कमिश्नर के हवाले से जानकारी दी है कि प्लेन की सीट नंबर 11-A पर बैठे हुए ब्रिटिश नागरिक रमेश विश्वास कुमार हादसे में जिंदा बच गए हैं। उनका एक वीडियो भी सामने आया है जिसमें वो हादसे वाली जगह से निकलते दिख रहे हैं।

हादसे में इकलौता जिंदा बचे शख्स ने सुनाई आपबीती

अहमदाबाद प्लेन हादसे में जिंदा बचे शख्स की पहचान 40 वर्षीय रमेश विश्वास कुमार के तौर पर हुई है जो एक ब्रिटिश नागरिक हैं। उन्हें अहमदाबाद के असारवा स्थित सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बताया जा रहा है कि विश्वास को सीने, आंखों और पैरों में चोटें आई हैं। वह भारत में अपने परिवार से मिलने आए थे और अपने भाई अजय कुमार रमेश के साथ यूके लौट रहे थे।

हिंदुस्तान टाइम्स से बात करते हुए विश्वास ने टेकऑफ के ठीक बाद के भयानक पलों को याद करते हुए कहा, 'टेकऑफ के तीस सेकंड बाद, एक जोरदार आवाज आई और फिर विमान गिर गया। यह सब इतनी जल्दी हुआ की कुछ समझ नहीं आया। प्लेन जब क्रैश हो गया फिर मेरी आंख खुली तो चारों तरफ लोगों के शव थे। मुझे किसी ने बाहर निकाला और एंबुलेंस से अस्पताल ले आया।

क्या सीट बदलने से बच गई जान?


पुलिस बयानों ने पुष्टि की है कि रमेश विश्वकुमार विमान की सीट 11A में पाए गए थे। जबकि फ्लाइट मेनिफेस्ट में रमेश को सीट 11J के सामने चिह्नित किया गया है, हालांकि उनके बोर्डिंग पास में सीट नंबर 11A लिखा है। फिर सवाल यह है कि क्या आखिरी समय में उनकी सीट बदली और वो इस दर्दनाक घंटा में बचने में कामयाब रहें। फिलहाल अहमदाबाद के असरवा स्थित सिविल अस्पताल में उनका इलाज चल रहा है। उनके सीने, आंखों और पैरों में चोटें आई हैं।

Seat number

क्या हुआ था अहमदाबाद विमान हादसे में?

एयर इंडिया की बोइंग 787-8 ड्रीमलाइनर जिसमें 242 लोग सवार थे, लंदन गैटविक के लिए अहमदाबाद के हवाई अड्डे से उड़ान भरने के कुछ ही देर बाद दुर्घटनाग्रस्त हो गई। अपनी लंबी उड़ान के लिए पूरी तरह से ईंधन भरा हुआ यह जेट एयरपोर्ट के पास के एक मेडिकल कॉलेज के हॉस्टल पर जा गिरा। इस हादसे में प्लेन में सवार 241 यात्रियों के मौत की खबर है और 50 से अधिक घायल व्यक्तियों का अस्पतालों में इलाज चल रहा है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।