कल का मौसम पूर्वानुमान 5 नवंबर: IMD ने जारी किया 50kmph स्पीड वाली आंधी का अलर्ट, जानिए किन राज्यों में होगी भारी बारिश

Weather forecast for November 5th: कल यानी 5 नवंबर को देश के कई राज्यों में मौसम का मिजाज बदल सकता है। मौसम विभाग (IMD) ने कुछ इलाकों में 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी चलने और भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। ऐसे में लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी गई है

अपडेटेड Nov 04, 2026 पर 5:15 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
Weather forecast for November 5th: गुरुवार 5 नवंबर को देश के कई राज्यों में मौसम का मिजाज बदल सकता है

Weather forecast for November 5th: देश में मौसमी प्रणालियों के असर से दक्षिण भारत के राज्यों में बारिश और आंधी-तूफान का दौर लगातार जारी है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के ताजा पूर्वानुमान के मुताबिक गुरुवार 5 नवंबर को दक्षिण भारत के कई क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ भारी बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना है। मौसम विभाग के मुताबिक आंध्र प्रदेश से गुजरे चक्रवात का अवशेष एक डिप्रेशन के रूप में एक्टिव है। इसके असर से देश के कुछ हिस्सों में 12 सेंटीमीटर से अधिक की भारी बारिश होने का अनुमान है। हालांकि इस प्रणाली के असर के बाद आगे बड़ी बारिश की संभावना नहीं है।

उत्तर और पूर्वोत्तर भारत में मौसम रहेगा शुष्क

IMD ने बुधवार को स्पष्ट किया कि आगामी 7 दिनों के दौरान उत्तर-पश्चिम भारत में किसी भी महत्वपूर्ण मौसमी गतिविधि की संभावना नहीं है। यहां मौसम मुख्य रूप से शुष्क बना रहेगा। इसके साथ ही पूर्वोत्तर भारत के राज्यों में भी मौसम की स्थितियों में कोई बड़ा बदलाव देखने को नहीं मिलेगा।


दक्षिण भारत के इन राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग के बुलेटिन के मुताबित 5 नवंबर को दक्षिण भारत के कई इलाकों में मूसलाधार बारिश का अनुमान है। 5 नवंबर को तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में भारी बारिश होने की पूरी संभावना है। इसके साथ ही इन इलाकों में आकाशीय बिजली चमकने और बादलों की गर्जना की चेतावनी दी गई है। दक्षिण आंतरिक कर्नाटक के अलग-अलग हिस्सों में भारी बारिश दर्ज होने का अनुमान है। यहां बारिश के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से झोंकेदार हवाएं चलने और बिजली कड़कने का अलर्ट जारी किया गया है। तटीय कर्नाटक, केरल और माहे के पृथक इलाकों में आकाशीय बिजली कड़कने के साथ हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है।

आंध्र प्रदेश में 50kmph की रफ्तार से चलेगी आंधी

आंध्र प्रदेश के तटीय और मैदानी इलाकों में मौसम का मिजाज तल्ख रहेगा। IMD ने आंध्र प्रदेश में आकाशीय बिजली कड़कने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज तूफानी हवाएं चलने की सख्त चेतावनी जारी की है। इसके अलावा राज्य के कई हिस्सों में दिन के समय तेज सतही हवाएं भी चलेंगी।

ओडिशा में 40kmph की गति से चलेंगी हवाएं

पूर्वी भारत के राज्य ओडिशा के अलग-अलग इलाकों में 5 नवंबर को गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने और 30 से 40 किमी/घंटे की गति से झोंकेदार हवाएं चलने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के मुताबिक तटीय और समुद्री क्षेत्रों में मौसमी हलचल नियंत्रण में रहने के वजह से 5 नवंबर के लिए मछुआरों के लिए कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है। समुद्र में जाने वाले मछुआरों के लिए स्थिति सामान्य रहने का अनुमान है।

ये भी पढ़ें- Cyclone Murasu Tracker: चक्रवात 'मुरासु' कमजोर होकर डिप्रेशन बना, फिर भी इन राज्यों में बारिश और तेज हवाओं की चेतावनी, IMD जारी किया ये अलर्ट

हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।