इस समय पूरा देश होली के खुमार में डूबा हुआ है। दो दिन बाद ही होली के त्योहार की शुरूआत हो जाएगी। वहीं होली से पहले ही देश के मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिल रहा है। राजधानी दिल्ली से लेकर पूरे उत्तर भारत में मौसम ने एक पलटी मार दी है। मार्च के शुरू होते ही दिल्ली एनसीआर समेत भारत में में गर्मी का सितम शुरू हो गया है। मार्च के पहले दिन दिल्ली एनसीआर में पारा 32 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। इस साल मार्च से मई महीने के बीच देश के अधिकांश हिस्सों में लू से प्रभावित दिनों की संख्या सामान्य से अधिक रहने की संभावना है।
मौसम विभाग के अनुसार, इस साल मार्च में सामान्य से ज्यादा गर्मी पड़ने की संभावना है। फरवरी में भी अन्य वर्षों की तुलना में ठंड कम रही। इससे संकेत मिल रहे हैं कि गर्मी इस बार जल्दी और तीखी हो सकती है। मौसम एक्सपर्ट के अनुसार, पूरे यूपी में तापमान सामान्य से ऊपर रहने के आसार हैं। अधिकतम ही नहीं, न्यूनतम तापमान भी औसत से ज्यादा रह सकता है। इससे दिन और रात दोनों समय गर्माहट महसूस होगी।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने अनुमान जताया है कि इस साल मार्च से मई के बीच देश के कई हिस्सों में सामान्य से ज्यादा दिनों तक लू चल सकती है। अपने मासिक पूर्वानुमान में विभाग ने बताया कि गर्मी का असर कई राज्यों में ज्यादा देखने को मिल सकता है। आईएमडी के अनुसार पश्चिमी राजस्थान, गुजरात, हरियाणा, पंजाब, दक्षिण और पूर्वी महाराष्ट्र, पूर्वी उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल के गंगा के मैदान, ओडिशा, छत्तीसगढ़, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश के साथ-साथ उत्तरी कर्नाटक और उत्तरी तमिलनाडु के कुछ इलाके लू से ज्यादा प्रभावित हो सकते हैं।
आईएमडी के महानिदेशक मृत्युंजय महापात्र के मुताबिक, मार्च, अप्रैल और मई के दौरान लंबे समय तक चलने वाली लू सार्वजनिक स्वास्थ्य के लिए चिंता बढ़ा सकती है। इससे पानी की उपलब्धता, बिजली की मांग और जरूरी सेवाओं पर भी दबाव पड़ सकता है। खास तौर पर बुजुर्गों, बच्चों, खुले में काम करने वाले मजदूरों और पहले से बीमार लोगों को ज्यादा सावधानी बरतने की जरूरत होगी।