देश के कई हिस्सों में मौसम एक बार फिर करवट लेने वाला है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, आज यानी 29 सितंबर को 22 राज्यों में कहीं हल्की तो कहीं भारी बारिश होने की संभावना है। इस दौरान गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं, जिनकी रफ्तार 40 से 75 किलोमीटर प्रति घंटे तक रह सकती है। वहीं पहाड़ी इलाकों में भारी बारिश के चलते लैंडस्लाइड का खतरा भी बना हुआ है। इस दौरान अंडमान सागर, म्यांमार तट और आसपास के समुद्री इलाकों में तेज हवाओं के चलते समुद्र की स्थिति खराब से बहुत खराब रह सकती है। आईएमडी ने लोगों को बारिश के दौरान सावधानी बरतने की अपील की है।
IMD के अनुसार, अंडमान-निकोबार में तेज बारिश और 50-60 किमी प्रति घंटे की हवाएं चल सकती हैं। वहीं पश्चिमी विक्षोभ के असर से जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड समेत उत्तर भारत के कई राज्यों में बारिश, तेज हवाएं और बिजली गिरने की संभावना है। आइए जानते हैं आज कैसा होगा मौसम
दिल्ली में 29 सितंबर को मौसम में हल्का बदलाव देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग के मुताबिक, राजधानी में आज आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहने की संभावना है। इस दौरान दिल्ली का अधिकतम तापमान करीब 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। वहीं, 30 सितंबर और 1 अक्टूबर को मौसम मुख्य रूप से साफ रहने का अनुमान है। इस दौरान राजधानी के कुछ इलाकों में तेज हवाएं चल सकती हैं।
कैसा होगा यूपी-बिहार का मौसम
उत्तर प्रदेश और बिहार में मौसम बदलने वाला है। उत्तर प्रदेश के कई जिलों में 29 सितंबर को बारिश, गरज-चमक और बिजली गिरने की संभावना है। वहीं बिहार में भी तेज हवाओं के साथ बारिश हो सकती है और कुछ जगह बिजली गिरने का खतरा रहेगा। बिहार में खराब मौसम का असर 1 अक्टूबर तक जारी रहने का अनुमान है। लोगों को खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
उत्तराखंड में होगी अभी और बारिश
उत्तराखंड में अगले कुछ दिनों तक मौसम खराब रह सकता है। मौसम विभाग के अनुसार, 29 सितंबर से 4 अक्टूबर के बीच राज्य के कई हिस्सों में बारिश के साथ तेज हवाएं और गरज-चमक हो सकती है। कुछ जगहों पर बिजली गिरने का खतरा भी है। अक्टूबर की शुरुआत तक राज्य में मौसम ऐसा ही बना रह सकता है।