देश के कई हिस्सों में मौसम एक बार फिर करवट लेने वाला है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, आज यानी 29 सितंबर को 22 राज्यों में कहीं हल्की तो कहीं भारी बारिश होने की संभावना है। इस दौरान गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं, जिनकी रफ्तार 40 से 75 किलोमीटर प्रति घंटे तक रह सकती है। वहीं पहाड़ी इलाकों में भारी बारिश के चलते लैंडस्लाइड का खतरा भी बना हुआ है। इस दौरान अंडमान सागर, म्यांमार तट और आसपास के समुद्री इलाकों में तेज हवाओं के चलते समुद्र की स्थिति खराब से बहुत खराब रह सकती है। आईएमडी ने लोगों को बारिश के दौरान सावधानी बरतने की अपील की है।
