Weather Update: मानसून की विदाई तेज लेकिन इन राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट, IMD ने मौसम को लेकर जारी की ये चेतावनी

Weather Update: भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) द्वारा गुरुवार 1 अक्टूबर को जारी मौसम बुलेटिन के मुताबिक अगले 48 घंटों के भीतर देश के बड़े हिस्से से मानसून पूरी तरह विदा हो जाएगा। हालांकि, मानसून की वापसी के बीच दक्षिण प्रायद्वीपीय भारत और पूर्वोत्तर के राज्यों में बारिश की गतिविधियां थमी नहीं हैं

अपडेटेड Oct 01, 2026 पर 3:03 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
Weather Update: मानसून की विदाई के बीच कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट जारी हुआ है

Weather Update: भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) द्वारा गुरुवार 1 अक्टूबर को जारी मौसम बुलेटिन के मुताबिक अगले 48 घंटों के भीतर देश के बड़े हिस्से से मानसून पूरी तरह विदा हो जाएगा। हालांकि, मानसून की वापसी के बीच दक्षिण प्रायद्वीपीय भारत और पूर्वोत्तर के राज्यों में बारिश की गतिविधियां थमी नहीं हैं। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के दौरान केरल में बहुत भारी बारिश और पूर्वोत्तर भारत के राज्यों में भारी मूसलाधार बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया है।

अगले 48 घंटों में इन राज्यों से मानसून की विदाई के लिए स्थितियां अनुकूल़

मौसम विभाग के अनुसार, अगले 48 घंटों के भीतर पंजाब, हरियाणा, राजस्थान और उत्तर प्रदेश के शेष बचे इलाकों से मानसून पूरी तरह विदा हो जाएगा। इसके अलावा गुजरात और मध्य प्रदेश के अधिकांश हिस्सों, संपूर्ण जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के साथ-साथ बिहार, झारखंड, छत्तीसगढ़ और महाराष्ट्र के कुछ भागों से भी मानसून की औपचारिक विदाई के लिए परिस्थितियां पूरी तरह अनुकूल बनी हुई हैं।


बारिश के बीते 24 घंटों के आंकड़ों की बात करें तो मिजोरम और दक्षिण आंतरिक कर्नाटक में 12 से 20 सेमी तक बहुत भारी बारिश दर्ज की गई, जबकि असम, नागालैंड और तमिलनाडु में भारी बारिश दर्ज हुई है। इस समय देश के अलग अलग हिस्सों में सक्रिय साइक्लॉनिक सर्कुलेशन और वेस्टर्न डिस्टर्बेंस का असर मौसम पर पड़ रहा है। आइए अब आपको आगे आने वाले दिनों में मौसम का हाल बताते हैं।

केरल में बहुत भारी बारिश और दक्षिण भारत में आंधी-तूफान की चेतावनी

केरल में अगले 24 घंटों के दौरान यानी 1 अक्टूबर को बहुत भारी बारिश होने की चेतावनी दी गई है। इसके बाद 4 से 6 अक्टूबर के दौरान भी भारी बारिश की संभावना है। 1 से 7 अक्टूबर के दौरान राज्य में व्यापक रूप से बारिश होगी। तटीय कर्नाटक, दक्षिण आंतरिक कर्नाटक और तमिलनाडु, पुडुचेरी व कराइकल में 1 अक्टूबर को भारी बारिश का अनुमान है। केरल, लक्षद्वीप और तमिलनाडु में 1 और 2 अक्टूबर को 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे (झोंके 60 किमी/घंटे) की रफ्तार से तूफानी हवाएं चलने और बिजली चमकने का अलर्ट है। तटीय आंध्र प्रदेश, यनम और रायलसीमा में 1 से 5 अक्टूबर के दौरान तेज सतही हवाएं चलती रहेंगी।

पूर्वोत्तर राज्यों में अगले 24 घंटों में भारी बारिश का अलर्ट

पूर्वोत्तर भारत के राज्यों में म्यांमार और बांग्लादेश के पास बने निम्न दाब क्षेत्र के प्रभाव से अगले 24 घंटों में बारिश का जोर रहेगा। अरुणाचल प्रदेश में 1 और 2 अक्टूबर को भारी बारिश हो सकती है, जबकि असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 1 अक्टूबर को भारी बारिश का अनुमान जताया गया है। 1 और 2 अक्टूबर को इन सभी राज्यों में बिजली कड़कने की आशंका व्यक्त की गई है।

उत्तर-पश्चिम, मध्य, पूर्व और पश्चिम भारत के मौसम का हाल

उत्तर-पश्चिम भारत के मैदानी इलाकों में 5 अक्टूबर तक मौसम मुख्यतः साफ और शुष्क रहेगा। 6 और 7 अक्टूबर को जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली में कुछ स्थानों पर हल्की छिटपुट बारिश और बिजली चमकने की गतिविधियां दर्ज की जा सकती हैं। मध्य भारत के पूर्वी मध्य प्रदेश में 1 से 3 अक्टूबर और छत्तीसगढ़ में 2 से 7 अक्टूबर के बीच हल्की बारिश की संभावना है।

ये भी पढ़ें- El Nino effect: अल नीनो बढ़ा सकता है भारत का फूड बिल! चावल, अरहर दाल और खाद्य तेलों ने दिए महंगाई के संकेत

पूर्वी भारत के अंडमान-निकोबार, ओडिशा और उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल में 1 से 7 अक्टूबर के दौरान छिटपुट बौछारें पड़ सकती हैं जबकि बिहार व झारखंड में 5 से 7 अक्टूबर के बीच बारिश होने का अनुमान है। पश्चिम भारत के कोंकण, गोवा और मध्य महाराष्ट्र में 1 अक्टूबर को बिजली चमकने के साथ हल्की बारिश हो सकती है जिसके बाद मौसम सामान्य हो जाएगा।

हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।