Wedding Season: वेडिंग सीजन पर होटल कारोबार में बंपर उछाल! 2027 के लिए भी मिल रही है बुकिंग

Wedding Season: देश में सर्दियों का वेडिंग सीजन शुरू होने से पहले ही होटल कारोबार में जबरदस्त तेजी देखने को मिल रही है। लोकप्रिय होटल और रिसॉर्ट्स में शादियों के लिए कई महीने पहले ही बुकिंग हो रही है। हालात यह हैं कि कुछ प्रॉपर्टीज में नवंबर और फरवरी जैसे प्रमुख महीनों की उपलब्धता लगभग खत्म हो चुकी है

अपडेटेड Oct 04, 2026 पर 3:01 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
Wedding Season: शादी-ब्याज के सीजन से पहले होटल कारोबार में बंपर उछाल देखने को मिल रहा है

Wedding Season: सर्दियां शुरू होने से पहले ही होटल कारोबार में शादी समारोहों के लिए मांग तेज हो गई है। लोकप्रिय होटल और रिजॉर्ट में महीनों पहले से बुकिंग हो रही है। कई प्रमुख होटल संपत्तियों ने शादी से जुड़े कारोबार में डबल डिजिट (double-digit) की वृद्धि दर्ज की है। जबकि नवंबर और फरवरी जैसे प्रमुख महीनों के लिए होटल में बुकिंग लगभग पूरी हो चुकी है। यानी इनमें बहुत कम दिन के लिए बुकिंग उपलब्ध है। रिपोर्ट के मुताबिक, कई होटलों को 2027 तक की शादियों के लिए बुकिंग और पूछताछ मिल रही है।

वेडिंग बिजनेस में 15% उछाल

देश के पहले ऑटोग्राफ कलेक्शन होटल के रूप में ब्रांडेड मैरियट इंटरनेशनल के 'नूर महल दिल्ली एनसीआर', करनाल के एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर रूप प्रताप चौधरी ने पीटीआई से कहा कि होटल के विवाह कारोबार में पिछले साल की तुलना में करीब 15 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। उन्होंने कहा कि 2027 के लिए भी पर्याप्त संख्या में शादियों की बुकिंग पहले ही हो चुकी है। नवंबर, 2027 तक के लिए पूछताछ मिल रही है। चौधरी ने कहा, "विवाह समारोह के क्षेत्र में उत्साहजनक गति देखने को मिल रही है। पिछले वर्ष की तुलना में कारोबार में करीब 15 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। ग्राहकों का दायरा भी लगातार बढ़ रहा है।"


शादियों का बदल रहा ट्रेंड

चौधरी के मुताबिक, परिवार अब शादी के वेन्यू को पहले की तुलना में काफी पहले बुक कर रहे हैं। इससे होटल कारोबार को आने वाले लंबे समय की मांग का अंदाजा पहले ही हो जाता है। उन्होंने कहा, "सबसे महत्वपूर्ण बदलाव यह है कि परिवार अब शादी के आयोजन के लिए होटल और आयोजन स्थल पहले की तुलना में काफी पहले तय कर रहे हैं।

इससे होटल उद्योग को आगामी वर्षों के कारोबार की बेहतर जानकारी मिल रही है।" उन्होंने कहा कि शादी समारोह के स्वरूप में भी बदलाव आया है। परिवार अब अधिक दिन तक चलने वाले समारोह और अपनी पसंद के अनुसार व्यक्तिगत आयोजन को प्राथमिकता दे रहे हैं। नूर महल के कुल कारोबार में विवाह समारोह की हिस्सेदारी करीब 60 प्रतिशत है।

दिल्ली में नवंबर और फरवरी की बुकिंग लगभग फुल

शादियों के लिए पहले से बुकिंग का यह ट्रेंड सिर्फ करनाल तक सीमित नहीं है। रोजिएट होटल्स एंड रिजॉर्ट्स के चीफ एग्जीक्यूटिव ऑफिसर (CEO) कुश कपूर ने कहा कि दिल्ली स्थित उसके रिजॉर्ट में आगामी सर्दियों के विवाह सीजन के लिए काफी मजबूत मांग है। प्रमुख महीनों में उपलब्धता तेजी से कम हो रही है। कपूर ने कहा कि दिल्ली स्थित रोजिएट में नवंबर का पूरा महीना लगभग बुक हो चुका है। जबकि फरवरी की भी अधिकांश तारीखें पहले ही रिजर्व हो चुकी हैं। उन्होंने कहा कि सर्दियों के मौसम में रिजॉर्ट के लिए शादी समारोहों की मांग बहुत अधिक है।

होटल कारोबार के लिए शादी बना बड़ा सहारा

होटल क्षेत्र के लिए शादी-विवाह का सीजन महत्वपूर्ण है क्योंकि इससे कमरे, बैंक्वेट, खान-पान और आयोजन से जुड़ी विभिन्न सेवाओं की मांग एक साथ बढ़ती है। कई परिवार अब शादी के कार्यक्रम को एक से अधिक दिन तक आयोजित कर रहे हैं, जिससे होटल उद्योग को अधिक कारोबार मिल रहा है। विवाह समारोह की यह बढ़ती मांग ऐसे समय में सामने आई है जब सर्दियों का मुख्य विवाह सीजन नजदीक है। हिंदू कैलेंडर में शुभ विवाह मुहूर्त होने के कारण इस दौरान विवाह स्थल, होटल कमरों, बैंक्वेट और अन्य सेवाओं की मांग पारंपरिक रूप से बढ़ जाती है।

2027 तक क्यों पहुंची बुकिंग?

शादी के वेन्यू की बुकिंग अब काफी पहले किए जाने के पीछे बढ़ती मांग एक अहम वजह है। मशहूर होटल और वेडिंग डेस्टिनेशन की तारीखें जल्दी भर रही हैं। ऐसे में परिवार अपनी पसंद की तारीख और जगह सुनिश्चित करने के लिए एक साल या उससे भी पहले बुकिंग कर रहे हैं। हिंदू कैलेंडर में शुभ विवाह मुहूर्तों के दौरान हर साल सर्दियों में वेडिंग सीजन में होटल, बैंक्वेट और रिसॉर्ट्स की मांग बढ़ जाती है। इस बार इसका असर पहले से ही दिखाई देने लगा है। यही वजह है कि 2027 तक की बुकिंग होटल कारोबार में लंबी अवधि की मजबूत मांग का संकेत दे रही है।

ये भी पढ़ें- Bullet Train Project Update: मुंबई-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन प्रोजेक्ट में बड़ी कामयाबी, 12 मंजिला बिल्डिंग जितना ऊंचा साबरमती नदी पुल तैयार, अब आगे क्या?

हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।