Prateek Yadav-Akhilesh Yadav Relation: समाजवादी पार्टी (SP) प्रमुख अखिलेश यादव के चचेरे भाई और भारतीय जनता पार्टी (BJP) नेता अपर्णा यादव के पति प्रतीक यादव का बुधवार (13 मई) सुबह लखनऊ में निधन हो गया। वह लगभग 38 वर्ष के थे। पारिवारिक सूत्रों के मुताबिक प्रतीक को तबीयत खराब होने पर सुबह सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हालांकि, उनके मौत की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। प्रतीक यादव सपा संस्थापक मुलायम सिंह यादव की दूसरी पत्नी साधना गुप्ता के बेटे और BJP नेता अपर्णा यादव के पति थे।
प्रतीक यादव अध्यक्ष अखिलेश यादव के सौतेले भाई थे। सेहत के प्रति बेहद जागरुक रहने वाले प्रतीक यादव राजनीतिक परिवार से होने के बावजूद सियासत से दूर रहते थे। हालांकि, उनकी पत्नी अपर्णा बिष्ट यादव भारतीय जनता पार्टी में शामिल हुईं। वह वर्तमान में राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष हैं। इसी साल जनवरी में दोनों के तलाक की भी चर्चाएं काफी सरगर्म थीं। हालांकि, कुछ समय बाद दोनों के बीच सब कुछ ठीक होने की खबरें आई थीं।
सीएम योगी और अखिलेश ने जताया शोक
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को प्रतीक यादव के निधन पर शोक व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर अपने शोक संदेश में कहा, "उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय मुलायम सिंह यादव के पुत्र एवं उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष अपर्णा यादव के पति प्रतीक यादव जी का आकस्मिक निधन अत्यंत दुखद है। विनम्र श्रद्धांजलि।"
उन्होंने कहा, "मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिजनों के साथ हैं। प्रभु श्री राम से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्मा को सद्गति एवं शोकाकुल परिजनों को यह अथाह दुख सहन करने की शक्ति प्रदान करें। ओम शांति।" इसके अलावा सपा मुखिया अखिलेश यादव ने X पर लिखा, "श्री प्रतीक यादव जी का निधन, अत्यंत दुखद! ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करे। विनम्र श्रद्धांजलि!"
अखिलेश के साथ कैसे थे प्रतीक यादव के रिश्ते?
बताया जा रहा है कि सौतेले भाई होने के बावजूद अखिलेश यादव और प्रतीक यादव के रिश्ते काफी अच्छे माने जाते थे। अखिलेश यादव सपा संस्थापक मुलायम सिंह की पहली पत्नी मालती देवी के बेटे हैं। जबकि प्रतीक यादव की मां मुलायम सिंह की दूसरी पत्नी साधना गुप्ता हैं। प्रतीक राजनीति से हमेशा दूरी बनाकर रहे। इसी वजह से मुलायम सिंह के उत्तराधिकारी अखिलेश यादव ही बने।
प्रतीक यादव कारोबार, फिटनेस और सामाजिक कार्यों को अपनी दुनिया बनाए हुए थे। कुछ महीने पहले अखिलेश यादव और प्रतीक यादव की मुलाकात का प्यारा सा वीडियो सामने आया था। यूपी के सैफ़ई में एक पारिवारिक समारोह में अखिलेश यादव को देखते ही प्रतीक ने अपने बड़े भाई के पैर छूकर आशीर्वाद लिया था।
इसके अलावा भी कई अन्य परिवारिक मौकों पर दोनों साथ नजर आते रहे हैं। उनके बीच किसी बड़े सार्वजनिक विवाद की खबरें आम तौर पर सामने नहीं आईं। मुलायम सिंह यादव ने अपनी पहली पत्नी और अखिलेश की मां मालती देवी के निधन के बाद साधना गुप्ता से दूसरी शादी की थी।
मालती देवी का 2003 में निधन हो गया था। बताया जाता है कि उन्हें लंबे समय से स्वास्थ्य संबंधी दिक्कतें थीं और उनकी मृत्यु हार्ट अटैक से हुई। साधना गुप्ता के साथ मुलायम के रिश्ते को लेकर लंबे समय तक सार्वजनिक स्पष्टता नहीं थी। लेकिन 2007 में सुप्रीम कोर्ट में दिए गए एक हलफनामे में मुलायम सिंह ने साधना गुप्ता को अपनी पत्नी के रूप में स्वीकार किया था।