पुणे के केतन अग्रवाल की मर्डर मिस्ट्री के खुलासे ने पूरे देश को हैरान कर दिया है। पुणे के पास स्थित लोहागढ़ किले में युवा बिजनेसमैन केतन अग्रवाल की 18 जून को मौत हो गई थी। पहले ये मामला एक एक्सीडेंट माना गया था। लेकिन पुलिस की जांच में हैरान करने वाला खुलासा हुआ है। पुलिस ने केतन की हत्या के आरोप में उसकी मंगेतर सिया गोयल और उसके कथित प्रेमी चेतन चौधरी को अरेस्ट कर लिया है। बता दें, केतन अग्रवाल और सिया गोयल की इसी साल फरवरी में सगाई हुई थी। दोनों की नवंबर में बेहद भव्य और आलीशान शादी होने वाली थी। लेकिन सिया ने शादी से पहले अपने प्रेमी के लिए मंगेतर को लोहागढ़ किले की पहाड़ी से धक्का दे दिया। वहीं आइए जानते हैं कौन है चेतन चौधरी
पुलिस जांच की जांच में सामने आया कि, सिया गोयल का 22 वर्षीय चेतन बाबूलाल चौधरी के साथ भी कथित तौर पर संबंध था। बताया जा रहा है कि दोनों की मुलाकात पिछले साल एक बिजनेस मीटिंग के दौरान हुई थी। सिया एक बेकरी का संचालन करती थीं, जबकि चेतन ड्राई फ्रूट के कारोबार से जुड़ा हुआ था। पुलिस के अनुसार, दोनों के बीच नवंबर 2025 में नजदीकियां बढ़ीं। उस समय सिया और केतन अग्रवाल के परिवार उनकी शादी की तैयारियों में लगे हुए थे। जांच एजेंसियों का दावा है कि चेतन, सिया और केतन के रिश्ते से खुश नहीं था और वह केतन को अपने रास्ते की बाधा मानता था। इसी वजह से दोनों ने कथित तौर पर केतन को रास्ते से हटाने की साजिश रची।
केतन अग्रवाल की मौत 18 जून को महाराष्ट्र के प्रसिद्ध लोहागढ़ किले के पास हुई थी। वह अपनी मंगेतर सिया गोयल के साथ ट्रेकिंग के लिए वहां गए थे। बताया गया कि इस दौरान वह एक गहरी खाई में गिर गए, जिससे उनकी जान चली गई। शुरुआती जांच के दौरान सिया गोयल ने पुलिस को बताया था कि केतन अग्रवाल ट्रेकिंग के दौरान तेज हवा के कारण संतुलन खो बैठे और खाई में गिर गए, जिसके बाद इसे दुर्घटना माना गया था। लेकिन पुलिस की जांच आगे बढ़ने पर कई ऐसी बातें मिलीं, जिनसे मामला संदिग्ध लगने लगा। जांच एजेंसियों के अनुसार, सिया गोयल और चेतन चौधरी पर केतन की मौत की साजिश रचने और घटना को दुर्घटना जैसा दिखाने का आरोप है। मामले में दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया है और आगे की जांच जारी है।
इससे पहले भी हुई थी मारने की साजिश
रिपोर्ट के अनुसार, केतन अग्रवाल के पिता विशाल अग्रवाल ने दावा किया कि घटना से कुछ दिन पहले भी उनके बेटे के साथ एक संदिग्ध घटना हुई थी। उनका कहना है कि 14 जून को लोहागढ़ किले की यात्रा के दौरान केतन मुश्किल स्थिति में फंस गए थे, लेकिन समय रहते खुद को संभालकर सुरक्षित निकल आए। रिपोर्ट में ये भी कहा गया है कि उस दौरान माहौल को सामान्य दिखाने के लिए सांप दिखाई देने की बात कही गई थी। वहीं इन दावों की जांच पुलिस द्वारा की जा रही है और मामले की सच्चाई का पता लगाने के लिए सभी पहलुओं की पड़ताल जारी है।