उत्तर प्रदेश: यमुना एक्सप्रेसवे के आसपास प्लॉट लेने वालों के लिए YEIDA नई स्कीम लेकर आया है। यमुना एक्सप्रेसवे इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट अथॉरिटी (YEIDA) ने सेक्टर 28 और 29 में अलग-अलग साइज के 10 प्लॉट की ई-नीलामी के लिए नई स्कीम जारी की है। इन प्लॉट की लोकेशन नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट, इंटरनेशनल फिल्म सिटी, मेडिकल डिवाइस पार्क और यमुना एक्सप्रेसवे जैसे बड़े प्रोजेक्ट्स के करीब है।
स्कीम के तहत प्लॉट के लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया 25 सितंबर से शुरू होगी। इच्छुक लोग 24 अक्टूबर तक आवेदन कर सकेंगे, जबकि 4 नवंबर को ई-नीलामी होगी।
सेक्टर 28 में कितने प्लॉट
सेक्टर 28 में H-5 प्लॉट 10,000 वर्ग मीटर, H-2 प्लॉट 5,000 वर्ग मीटर, H-3 प्लॉट 10,000 वर्ग मीटर और H-11 प्लॉट 3,400 वर्ग मीटर का है।
सेक्टर 29 में H-4 प्लॉट 4,000 वर्ग मीटर, H-8 प्लॉट 6,400 वर्ग मीटर, H-9 प्लॉट 3,400 वर्ग मीटर, H-13 प्लॉट 3,100 वर्ग मीटर, H-14 प्लॉट 3,100 वर्ग मीटर और H-15 प्लॉट 3,400 वर्ग मीटर का है।
कितनी होगी प्रोसेसिंग फीस
प्लॉट के साइज के हिसाब से प्रोसेसिंग फीस तय की गई है। 4,000 वर्ग मीटर तक के प्लॉट के लिए 50,000 रुपये और 10,000 वर्ग मीटर तक के प्लॉट के लिए 1 लाख रुपये फीस देनी होगी। इसके ऊपर लागू GST भी देना होगा। यह फीस वापस नहीं होगी और न ही इसे किसी दूसरी फीस में एडजस्ट किया जाएगा। भुगतान ऑनलाइन पोर्टल, RTGS या NEFT के जरिए किया जा सकता है।
एयरपोर्ट से लेकर फिल्म सिटी तक कई बड़े प्रोजेक्ट पास
इन प्लॉट की लोकेशन को खास माना जा रहा है क्योंकि ये नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट, जेवर के नजदीक हैं। इसके अलावा सेक्टर 21 में बनने वाली इंटरनेशनल फिल्म सिटी, मेडिकल डिवाइस पार्क और MSME के लिए बनाए जा रहे अपैरल, हैंडीक्राफ्ट और टॉय पार्क भी आसपास हैं।
इन प्लॉट से यमुना एक्सप्रेसवे की सीधी कनेक्टिविटी भी मिलेगी। इसके साथ ही इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर, बुद्ध इंटरनेशनल सर्किट और ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे भी आसपास हैं। ऐसे में यहां से अलग-अलग औद्योगिक और कारोबारी इलाकों तक पहुंच आसान होगी।
YEIDA की यह स्कीम 25 सितंबर 2026 को शाम 6 बजे से शुरू हो गई है। आवेदन करने की आखिरी तारीख 24 अक्टूबर 2026 रात 11:59 बजे तक है। प्लॉट की ई-नीलामी 4 नवंबर 2026 को सुबह 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक होगी।
इस स्कीम का कोड CHP-08/2026 है और प्लॉट का आवंटन ई-नीलामी के जरिए किया जाएगा।
इस स्कीम के लिए आवेदन सिर्फ ऑनलाइन किया जा सकता है। स्कीम का ब्रोशर YEIDA की आधिकारिक वेबसाइट से 50,000 रुपये और लागू GST देकर लिया जा सकता है। वहीं ई-ऑक्शन पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन के लिए 1,000 रुपये और GST की प्रोसेसिंग फीस देनी होगी।
EMD और दूसरी जरूरी फीस का भुगतान ऑनलाइन, RTGS, NEFT या नेट बैंकिंग के जरिए किया जा सकता है। आवेदन जमा करने की पूरी प्रोसेस ऑनलाइन ही होगी।