केंद्र सरकार ने विवादित इस्लामिक उपदेशक जाकिर नाइक के संगठन इस्लामिक रिसर्च फाउंडेशन (IRF) पर लगे प्रतिबंध को अगले पांच साल के लिए बढ़ा दिया है। गृह मंत्रालय (MHA) ने शुक्रवार को जारी अधिसूचना में IRF को एक बार फिर गैरकानूनी संगठन घोषित किया। मंत्रालय का कहना है कि संगठन ऐसी गतिविधियों में शामिल रहा है जो देश की सुरक्षा के लिए नुकसानदेह हैं। इससे शांति और सांप्रदायिक सौहार्द बिगड़ने के साथ-साथ देश के धर्मनिरपेक्ष ढांचे को भी नुकसान पहुंचने की आशंका है। गृह मंत्रालय ने यह फैसला गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम यानी UAPA के तहत लिया है। IRF को गैरकानूनी संगठन घोषित करने का आदेश राजपत्र में प्रकाशित होने की तारीख से पांच साल तक प्रभावी रहेगा।
