
छाछ
छाछ यानी बटरमिल्क, गर्मियों में देसी इलाज के तौर पर मशहूर है। 100ml छाछ में सिर्फ 35 कैलोरी होती है। ये कैल्शियम से भरपूर होती है और पेट की गर्मी को शांत करने में मदद करती है। खाने के बाद इसे पीना सबसे फायदेमंद माना जाता है। लेकिन जिन लोगों को दूध से एलर्जी या लैक्टोज इन्टॉलरेंस है, उन्हें इससे बचना चाहिए।
नारियल पानी
नारियल पानी को खाली पेट पीना सबसे फायदेमंद होता है। इसमें पोटैशियम, मैग्नीशियम और इलेक्ट्रोलाइट्स भरपूर होते हैं जो शरीर को प्राकृतिक तरीके से हाइड्रेट करते हैं। 100ml में सिर्फ 19 कैलोरी होती है। लेकिन अगर आपको किडनी की समस्या है, तो डॉक्टर की सलाह के बिना इसका सेवन न करें।
सत्तू शरबत
बिहार और पूर्वी भारत का सुपरड्रिंक सत्तू शरबत 100ml में 76 कैलोरी देता है। इसमें प्रोटीन और फाइबर भरपूर होता है, जो पेट को लंबे समय तक भरा रखता है और शरीर को ठंडक देता है। इसे सुबह लेना सबसे बेहतर है, लेकिन अगर आपको किडनी स्टोन या दालों से एलर्जी है तो सावधानी रखें।
आम पन्ना
गर्मियों में लू से बचाने वाला आम पन्ना न केवल स्वादिष्ट है, बल्कि विटामिन C का अच्छा स्रोत भी है। 100ml में 60 कैलोरी होती है। इसे दोपहर में पीना सबसे अच्छा रहता है। हालांकि डायबिटीज के मरीज इसके शक्कर की मात्रा देखकर ही सेवन करें।
तरबूज का जूस
तरबूज का रस गर्मियों में हाइड्रेशन के लिए सबसे अच्छा माना जाता है। 100ml में 30 कैलोरी होती है और यह एंटीऑक्सीडेंट और लाइकोपीन से भरपूर होता है। इसे सुबह या वर्कआउट के बाद पीना बेस्ट है। लेकिन डायबिटिक मरीज़ इसके नेचुरल शुगर से सावधान रहें।
मैंगो शेक
गर्मियों में मैंगो शेक बच्चों और बड़ों दोनों की पसंदीदा ड्रिंक है। ये एनर्जी बूस्टर तो है, लेकिन 100ml में 120 कैलोरी होती है। इसमें विटामिन A और C होता है, पर वजन घटा रहे लोग और डायबिटिक इसे सीमित मात्रा में ही लें। सबसे सही समय सुबह 11 बजे के आस-पास है।
गन्ने का रस
गन्ने का रस शरीर को तुरंत ऊर्जा देता है और लिवर के लिए भी अच्छा होता है। 100ml में 80 कैलोरी होती है और ये शरीर को झट से रिहाइड्रेट करता है। इसे दोपहर में पीना सबसे फायदेमंद होता है। लेकिन डायबिटीज वालों के लिए यह पेय बहुत मीठा और नुकसानदायक हो सकता है।
कोल्ड कॉफी
गर्मियों में भी कॉफी लवर्स को कोल्ड कॉफी खूब भाती है। 100ml में 97 कैलोरी होती है। ये कैफीन से भरपूर होती है, जो सतर्कता और ऊर्जा बढ़ाती है। सुबह या वर्कआउट से पहले पीना फायदेमंद हो सकता है। मगर जिन लोगों को एसिडिटी या कैफीन से दिक्कत होती है, उन्हें इससे दूरी बनानी चाहिए।
कोला
कोला का स्वाद भले ही ताजगी देने वाला लगे, लेकिन ये हेल्थ के लिए सबसे नुकसानदायक ड्रिंक है। 100ml में 44 कैलोरी के साथ ये चीनी, कैफीन और एसिड से भरी होती है, जो दांतों को कमजोर करती है और मोटापा बढ़ाती है। एक्सपर्ट्स की मानें तो इसे हर हाल में टालना ही बेहतर है।