एयर इंडिया (Air India) की किफायती एयरलाइन एयर इंडिया एक्सप्रेस (Air India Express) के मैनेजिंग डायरेक्टर आलोक सिंह ने कहा है कि एयरलाइन कीमतों को लेकर सेंसेटिव कस्टमर्स और सैर-सपाटा करने वाले यात्रियों के रूट्स पर फोकस करेगी। सिंह ने कहा कि एयर इंडिया एक्सप्रेस शुरुआत में पूरे देश में अपनी कैपिसिटी बढ़ाने पर विचार नहीं कर रही है और इसके बजाय सबसे पहले मौजूदा मार्गों पर अपनी उपस्थिति मजबूत करेगी।
एयरएशिया इंडिया का विलय करने की तैयारी
एयर इंडिया एक्सप्रेस किफायती घरेलू एयरलाइन एयरएशिया इंडिया का खुद में विलय करने की प्रक्रिया में है। कंपनी ने पिछले हफ्ते अपनी नई ब्रांड आइडेंटिटी से भी पर्दा हटाया था। टाटा ग्रुप के स्वामित्व वाले एयर इंडिया ग्रुप में एयर इंडिया, एयर इंडिया एक्सप्रेस, AIX कनेक्ट और विस्तार हैं। टाटा ग्रुप भी अपने एयरलाइन कारोबार को इंटीग्रेट करने की प्रक्रिया में है। इसके तहत टाटा संस और सिंगापुर एयरलाइंस में 51:49 अनुपात की हिस्सेदारी वाली विस्तार भी एआई इंडिया में विलय की प्रक्रिया में है।
सिंह ने कहा, “एयर इंडिया एक्सप्रेस का फोकस उन रूट्स पर होगा, जिनपर सैर-सपाटा करने वाले यात्री ज्यादा जाते हैं और मूल्य को लेकर सेंसेटिव कस्टमर ज्यादा हैं।” उन्होंने कहा कि एयर इंडिया एक्सप्रेस नेटवर्क को इस तरह से तैयार किया जाएगा कि यह उन डेस्टिनेशन के लिए उड़ान भरेगा जहां एयर इंडिया उड़ान नहीं भरती है क्योंकि वर्तमान में इसकी अलग-अलग प्राथमिकताएं हैं।