Madhuri Jain ने शराब पार्टी का वीडियो शेयर Bhartpe पर लगाए नए आरोप, बोर्ड को बताया महिला विरोधी

माधुरी जैन ने भारतपे के ऑफिस में हुई शराब पार्टी के दो वीडियो पोस्ट कर कंपनी के बाकी दो कोफाउंडर- सुहैल समीर और भाविक कोलाडिया पर नए आरोप लगाए हैं

अपडेटेड Feb 23, 2022 पर 7:55 PM
माधुरी जैन, Bhartpe के फाउंडर और एमडी अशनीर ग्रोवर की पत्नी

फिनेटक स्टार्टअप भारतपे (Bhartpe) ने अपने फाउंडर और मैनेजिंग डायरेक्टर अशनीर ग्रोवर (Ashneer Grover) की पत्नी माधुरी जैन (Madhuri Jain) को वित्तीय अनियमितताओं के आरोप में कंपनी से निकाल दिया है। इसके अलावा Bhartpe ने माधुरी जैन को आवंटित किए गए सभी ESOP को भी जब्त कर लिया है। माधुरी जैन कंपनी में 'हेड ऑफ कंट्रोल' पद पर थीं

इससे पहले दिन में, माधुरी जैन ने भारतपे के ऑफिस में हुई एक कथित 'शराब पार्टी' के दो वीडियो पोस्ट कर कंपनी के बाकी दो कोफाउंडर- (Suhail Sameer) और भाविक कोलाडिया (Bhavik Koladiya) पर नए आरोप लगाए। सुहैल समीर भारतपे के सीईओ भी हैं। माधुरी जैन ने जो वीडिया पोस्ट किया है, उसमें लोग शराब पीकर नशे में झूमते दिख रहे हैं।

माधुरी जैन ने अपने ट्वीट में कहा, "सुहैल समीर, भाविक कोलाडिया और शाश्वत नकरानी को बधाइयां। अब तुम लोग मेरे (गलत चीजों को लेकर टोकने वाली महिला) ऑफिस से निकलने की चिंता किए बिना आराम से अपने 'शराब व्यभिचार' को जारी रख सकते हो। आपके लिए तालिया बजनी चाहिए!!"


वहीं एक दूसरे ट्वीट में उन्होंने कहा, "साथ ही अब तुम लोग फिर से महिलाओं को वस्तु समझकर व्यवहार करो, जैसा इस पूरे मामले में मेरे साथ किया गया और इसमें कट्टर पुरुषवादी सोच वाले बोर्ड ने तुम लोगों का साथ दिया।"

माधुरी जैन के ट्वीट को आप यहां देख सकते हैं-

इसके अलावा माधुरी जैन ने एक और ट्वीट किया है, जिसमें कथित तौर पर उनके पति अशनीर ग्रोवर और भाविक डोलकिया के बीच हुई बातचीत की ऑडियो रिकॉर्डिंग है। इस रिकॉर्डिंग को पोस्ट करते हुए माधुरी ने लिखा, "22 फरवरी को भाविक डोलकिया (कंपनी के मुताबिक भारतपे के थर्ड पार्टी वेंडर) ने बोर्ड के चेयरमैन रजनीश कुमार के घर से फोन किया और अशनीर से मिलने को कहा। वह रजनीश के घर पर क्या कर रहे थे। किस रणनीति या साजिश पर वे चर्चा कर रहे थे? किस लिए मिलना है, यह पूछने पर उसने अशनीर को धमकी क्यों दी और अभद्र भाषा का क्यों इस्तेमाल किया।"

पति अशनीर ग्रोवर भी हैं विवादों में

बता दें कि माधुरी जैन के पति अशनीर ग्रोवर भी कोटक महिंद्रा बैंक के एक कर्मचारी के साथ अभद्र भाषा के इस्तेमाल की जानकारी सामने आने के बाद कंपनी से तीन महीने की छुट्टी पर भेज दिए गए हैं। इसके बाद उन्होंने मनीकंट्रोल के साथ एक बातचीत में आरोप लगाया था कि भारतपे का बोर्ड उन्हें जबरदस्ती कंपनी से बाहर निकालने की कोशिश कर रहा है।

उस वक्त भारतपे के को-फाउंडर अशनीर ग्रोवर ने कहा था कि मेरी कंपनी में 9 फीसदी हिस्सेदारी है, अगर आप चाहते हैं कि मैं चला जाऊं तो आपको मुझे इस हिस्सेदारी के बदले में 4,000 करोड़ रुपये देने होंगे।

माधुरी जैन पर क्या हैं आरोप?

ग्रोवर दंपति से जुड़े विवाद सामने आने के बाद भारतपे के मैनेजमेंट ने रिस्क एडवाइजर फर्म अल्वारेज एंड मार्शल को कंपनी के कामकाज की समीक्षा करने को कहा था। सूत्रों के मुताबिक, इस समीक्षा में माधुरी के खिलाफ वित्तीय अनियमितता के मामले पाए गए हैं।

माधुरी पर व्यक्तिगत ब्यूटी ट्रीटमेंट, इलेक्ट्रॉनिक उत्पादों की खरीदारी और अमेरिका व दुबई की पारिवारिक यात्रा के लिए कंपनी के पैसों का इस्तेमाल करने का आरोप है। इसके अलावा कथित तौर पर माधुरी ने अपने निजी स्टाफ को भुगतान भी कंपनी के खातों से किया और परिचित लोगों से फर्जी रसीदें बनवाकर पेश कीं।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।