जोमैटो (Zomato) के CEO दीपिंदर गोयल अपने वेंचर ब्लिनकिट (Blinkit) को लेकर काफी उत्साहित हैं। उनका कहना है कि ब्लिनकिट अगले 10 साल में शेयरहोल्डर्स को जोमैटो से ज्यादा रिटर्न देगी। उन्होंने कहा, 'मैं गर्व के साथ कह सकता हूं कि कुछ शहरों में ब्लिनकिट की ग्रॉस ऑर्डर वैल्यू (GOV), जोमैटो की ग्रॉस ऑर्डर वैल्यू के आसपास है। यह अभी शुरुआत है और मेरा मानना है कि अगले 10 साल में ब्लिनकिट हमारे शेयरहोल्डर्स को ज्यादा रिटर्न देगी।'
जून और जुलाई में ब्लिनकिट की ग्रॉस ऑर्डर वैल्यू ने रिकॉर्ड बनाया और बड़ी संख्या में ग्राहकों ने लेनदेन किया। हालांकि, इससे पहले ब्लिनकिट के सबसे बड़े मार्केट दिल्ली-एनसीआर में डिलीवरी वर्कर्स की हड़ताल की वजह से कंपनी के बिजनेस में दिक्कतें पेश आईं। कंपनी के मुताबिक, अगली तिमाही में उसकी ग्रॉस ऑर्डर वैल्यू में 20 पर्सेंट की बढ़ोतरी होने का अनुमान है।
ब्लिनकिट का कॉन्ट्रिब्यूशन मार्जिन भी पॉजिटिव हो गया है। ई-कॉमर्स कंपनियां इस मार्जिन का इस्तेमाल हर ऑर्डर के हिसाब से प्रॉफिट का आकलन करने में करती हैं। कंपनी का यह भी कहना था कि अगली चार तिमाहियों में उसका एडजस्टेड EBITDA पॉजिटव रहने की उम्मीद है।
ब्लिनकिट के CEO अलबिंदर ढींढसा ने बताया, 'बिजनेस लेवल पर पॉजिटिव कॉन्ट्रिब्यूशन हासिल करना पहला कदम था, लेकिन एडजस्टेड ब्रेक-इवन हासिल करने के लिए काफी कुछ करने की जरूरत है। हमारी टीम अगले कुछ महीनों में ग्रोथ और प्रॉफिट हासिल करने को लेकर प्रतिबद्ध है।' कंपनी ने कहा कि उसे कुल निवेश पर ऑपरेशनल प्रॉफिट (एडजस्टेड EBITDA के हिसाब से) हासिल करने का पूरा भरोसा है।