नेशनल फर्टिलाइजर्स, आरसीएफ और चंबल फर्टिलाइजर्स के शेयर अंतरिम बजट से एक दिन पहले 2.45 प्रतिशत, 1.68 प्रतिशत और 1.94 प्रतिशत की बढ़त के साथ कारोबार करते नजर आ रहे हैं। वहीं, कोरोमंडल इंटरनेशनल चाल सपाट दिख रही है। तीसरी तिमाही के कमजोर वित्तीय नतीजों के बाद पिछले काोबारी सत्र में 8 प्रतिशत की गिरावट के बाद कोरोमंडल इंटरनेशनल स्टॉक 31 जनवरी को सपाट कारोबार कर रहा है। फिलहाल 2.20 बजे के आसपास ये शेयर एनएसई पर 7.50 रुपए यानी 0.71 फीसदी की गिरावट के साथ 1045 रुपए के आसपास कारोबार कर रहा था।
इस साल अब तक कोरोमंडल इंटरनेशनल में 15 प्रतिशत से ज्यादा की गिरावट आई है। जबकि इस अवधि के दौरान एनएसई निफ्टी की चाल सपाट रही है। कंपनी ने 30 जनवरी को अपने नतीजों की घोषणा की है। इसके मुताबिक कंपनी कुल आय में सालाना आधार पर 34 प्रतिशत की गिरावट देखने को मिली है। जबकि मुनाफे में सालाना आधार पर 55 प्रतिशत की कमी देखने को मिली है।
तिमाही नतीजों के दिन इस काउंटर में भारी शॉर्ट बिल्ड-अप देखने को मिला था। इसके ओपन इंटरेस्ट में 59.58 फीसदी की बढ़ोतरी हुई और शेयरों की कीमत में 8 प्रतिशत से ज्यादा की गिरावट आई।
डिपार्टमेंट ऑफ फर्टिलाइजर ने (DoF) ने पोषक तत्व आधारित सब्सिडी (NBS) कार्यक्रम के तहत सभी गैर-यूरिया-आधारित उर्वरकों के मूल्य निर्धारण के लिए 18 जनवरी को नए दिशानिर्देश जारी किए हैं। नए दिशानिर्देश 1 अप्रैल, 2023 के पूर्वप्रभाव (retrospectively) से लागू होंगे। इन दिशानिर्देशों के मुताबिक उर्वरक कंपनियों के लिए निर्धारित अधिकतम प्रॉफिट मार्जिन आयातकों के लिए 8 प्रतिशत, उत्पादकों के लिए 10 प्रतिशत और इंटीग्रेटेड उत्पादकों के लिए 12 प्रतिशत होगा। इंटीग्रेटेड उत्पादक तैयार उर्वरकों के साथ-साथ फॉस्फोरिक एसिड और अमोनिया जैसे इंटरमीडिएट्स का भी उत्पादन करते हैं।
डिपार्टमेंट ऑफ फर्टिलाइजर द्वारा जारी दिशानिर्देशों में आगे कहा गया है कि किसी विशेष वित्त वर्ष में अनुचित लाभ या निर्धारित प्रतिशत से अधिक मुनाफा कमाने वाली कंपनियों को इसे अगले वित्तीय वर्ष के 10 अक्टूबर तक वापस करना होगा। ऐसा करने में विफल रहने पर रिफंड राशि पर आनुपातिक आधार पर 12 प्रतिशत प्रति वर्ष का ब्याज जुर्माना लग सकता है। इसके अलावा, अनुचित लाभ को सरकार द्वारा बाद के उर्वरक सब्सिडी भुगतान के सामने समायोजित किया जाएगा। बाजार का मानना है कि ये दिशानिर्देश कोरोमंडल इंटरनेशनल के लिए निगेटिव नजर आ रहे हैं।