फेयर ट्रेड रेगुलेटर भारतीय प्रतिस्पर्धा आयोग (CCI) ने दक्षिण अफ्रीका के नैस्पर्स समूह (Naspers Group) और सिंगापुर के सॉवरेन वेल्थ फंड टेमासेक (Temasek) सहित कई एंटिटीज के फार्मईजी (Pharmeasy) में हिस्सेदारी खरीदने के प्रस्तावों को मंजूरी दे दी है। API होल्डिंग्स, अपनी सहायक कंपनियों के जरिए ऑनलाइन ई-कॉमर्स मार्केटप्लेस PharmEasy की मदद से हेल्थकेयर सर्विसेज उपलब्ध कराती है। CCI ने एक बयान में कहा कि नैस्पर्स वेंचर्स बीवी ने प्रस्तावित राइट्स इश्यू में भागीदारी से API होल्डिंग्स लिमिटेड के अतिरिक्त शेयरों की खरीद का प्रस्ताव रखा है। नैस्पर्स वेंचर्स बीवी, प्रोसस के पूर्ण मालिकाना हक वाली सहायक कंपनी है।
CCI ने एपीआई होल्डिंग्स लिमिटेड में हिस्सेदारी हासिल करने के लिए टेमासेक होल्डिंग्स, CDPQ प्राइवेट इक्विटी एशिया पीटीई, डीबीएस ग्रुप होल्डिंग्स और गोल्डमैन सैक्स इंडिया अल्टरनेटिव इनवेस्टमेंट ट्रस्ट को भी मंजूरी दे दी है।
बाकी कंपनियां कैसे खरीदेंगी हिस्सेदारी
प्रस्तावित लेनदेन में मैक्रिची इनवेस्टमेंट्स पीटीई, इवोल्यूशनएक्स डेट कैपिटल मास्टर फंड 1 पीटीई, गोल्डमैन सैक्स इंडिया AIF स्कीम-1, गोल्डमैन सैक्स इंडिया अल्टरनेटिव इनवेस्टमेंट ट्रस्ट AIF स्कीम-2, और CDPQ प्राइवेट इक्विटी एशिया पीटीई की ओर से API होल्डिंग्स के कंपलसरिली कनवर्टिबल प्रिफरेंस शेयरों (CCPS) को सब्सक्राइब किया जाएगा। मैक्रिची, टेमासेक होल्डिंग्स के पूर्ण मालिकाना हक वाली सहायक कंपनी है, जबकि इवोल्यूशनएक्स एक ग्रोथ स्टेज डेट फाइनेंसिंग प्लेटफॉर्म है। इसे डीबीएस ग्रुप होल्डिंग्स और टेमासेक ने मिलकर स्थापित किया है।
CDPQ प्राइवेट इक्विटी एशिया, कनाडा के इंस्टीट्यूशनल फंड CDPQ के पूर्ण मालिकाना हक वाली सहायक कंपनी है। यह PharmEasy में एक मौजूदा निवेशक है। गोल्डमैन सैक्स इंडिया AIF 1 और गोल्डमैन सैक्स इंडिया अल्टरनेटिव इनवेस्टमेंट ट्रस्ट AIF स्कीम 2, गोल्डमैन सैक्स इंडिया अल्टरनेटिव इनवेस्टमेंट ट्रस्ट की शुरू की गई स्कीम्स हैं।