ई-कॉमर्स प्लैटफॉर्म डीलशेयर (DealShare) के CEO विनीत राव (Vineet Rao) ने इस पद से हटने का फैसला किया है। यह फैसला तत्काल प्रभाव से लागू होगा। राव कंपनी के को-फाउंडर भी हैं। अब उनकी जगह किसी प्रोफेशनल CEO को नियुक्त किया जाएगा। सूत्रों ने मनीकंट्रोल (Moneycontrol) बताया कि अब कंपनी का मुख्य ठिकाना बेंगलुरु के बजाय दिल्ली होगा। रेवेन्यू बढ़ाने के लिए कंपनी अब ऑफलाइन सेगमेंट भी अपनी मौजूदगी बढ़ा रही है।
कंपनी के प्रवक्ता ने मनीकंट्रोल को बताया, 'डीलशेयर अपनी सेवाओं के लिए ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों मॉडलों पर फोकस करेगी। कंपनी में ग्रोथ के नए चरण की शुरुआत के साथ ही मौजूदा CEO विनीत राव ने अपना पद छोड़ने का फैसला किया है। राव काबिल CEO की खोज में कंपनी बोर्ड की मदद करेंगे। नई लीडरशिप के लिए वह बोर्ड को सलाह भी देंगे।'
बेंगलुरु डीलशेयर का सबसे बड़ा ऑफिस है। कंपनी सूत्रों के मुताबिक, यहां 350 से 450 एंप्लॉयीज काम करते हैं। यह संख्या कंपनी के कुल वर्कफोर्स (तकरीबन 1,100) के तिहाई से भी ज्यादा है।
मामले से वाकिफ एक सूत्र ने बताया, 'अगर कोई एंप्लॉयी दिल्ली शिफ्ट नहीं हो सकता है, तो कंपनी उसे इस्तीफा देने को कहेगी। एंप्लॉयीज को डिपार्टमेंट बदलने का भी विकल्प दिया जा सकता है, लेकिन ऐसी स्थिति में काफी कम एंप्लॉयीज सैलरी में कटौती के लिए राजी होंगे।'
ठिकाना बदले जाने की खबर के बारे में पूछे जाने पर कंपनी की तरफ से कोई जवाब नहीं मिला।
डीलशेयर के फाउंडर और को-सीईओ एस मेड्डा (Sourjyendu Medda) ने मनीकंट्रोल से बातचीत में कहा था कि कंपनी अपने प्राइवेट लेवल के बिजनेस को आगे बढ़ाने के लिए अगले 5 साल में 1,000 करोड़ रुपये निवेश करेगी।