मनोरंजन जगत की दिग्गज कंपनी द वॉल्ट डिज्नी (The Walt Disney) ने मॉर्गन स्टेनली के जेम्स गॉर्मन (James Gorman) को अपना नया चेयरमैन नियुक्त किया है। कंपनी ने आज 21 अक्टूबर को इसकी घोषणा की। गॉर्मन अगले साल की शुरुआत में 2 जनवरी 2025 को डिज्नी के चेयरमैन का पद संभालेंगे। वह मार्क पार्कर (Mark Parker) की जगह लेंगे जो नौ साल तक डिज्नी के बोर्ड में रहने के बाद पद छोड़ रहे हैं।
2026 की शुरुआत में नए CEO के नाम की होगी घोषणा
इसके साथ ही डिज्नी ने कहा कि वह 2026 की शुरुआत में अपने नए चीफ एग्जीक्यूटिव ऑफिसर (CEO) के नाम की भी घोषणा कर सकती है। गॉर्मन वर्तमान में डिज्नी की उत्तराधिकार योजना समिति के अध्यक्ष हैं। वह इस समय मॉर्गन स्टेनली में एग्जीक्यूटिव चेयरमैन हैं लेकिन साल के अंत में वे इस पद से हट जाएंगे। गॉर्मन इससे पहले 2010 से 2023 तक मॉर्गन स्टेनली के CEO और 2012 से 2023 तक चेयरमैन रह चुके हैं।
Disney के CEO ने क्या कहा?
डिज्नी के CEO बॉब आइगर ने बयान में कहा, "डिज्नी बोर्ड को जेम्स गोर्मन की एक्सपर्टाइज और गाइडेंस से काफी लाभ हुआ है, और हम भाग्यशाली हैं कि वे हमारे अगले अध्यक्ष हैं, खास तौर पर तब जब बोर्ड उत्तराधिकार प्रक्रिया के साथ आगे बढ़ रहा है। आइगर 15 वर्षों तक डिज्नी का पब्लिक फेस रहे। डिज्नी के अगले CEO का नाम तय करने के लिए आंतरिक और बाहरी उम्मीदवारों की समीक्षा की जा रही है।